होलागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गौवंश तस्करी मामले में 4 वांछित आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज। कमिश्नरेट के जोन गंगानगर अंतर्गत थाना होलागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गौवंश तस्करी के मामले में वांछित चल रहे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बशारतउल्ला (30 वर्ष), आफताब अहमद (52 वर्ष), शमसाद (47 वर्ष) निवासी बेगम बाजार बमरौली मोड़ थाना पूरामुफ्ती तथा मोहम्मद साकिब (34 वर्ष) निवासी ग्राम मुबारकपुर उपरहार थाना नवाबगंज के रूप में हुई है। सभी को 20 अप्रैल को थाना होलागढ़ क्षेत्र के पश्चिमनारा स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के नीचे से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी 10 अप्रैल 2026 को डीसीएम वाहन (UP25 DT 7001) से प्रतापगढ़ से बिहार के कैमूर की ओर गौवंशों की तस्करी कर रहे थे। इसी दौरान पश्चिमनारा नहर पुलिया के पास वाहन फंस गया था, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना होलागढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस प्रकरण में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक यशवंत कुमार, राकेश कुमार गोंड, हरिशंकर पाण्डेय, हेड कांस्टेबल हीरालाल यादव, कमलेश सिंह यादव तथा कांस्टेबल नन्द किशोर शामिल रहे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *