सूर्य षष्ठी व्रत अत्यंत कठिन माना जाता है। इस व्रत में सामान्य चूक की भी गुंजाईश नहीं होने के बावजूद करोड़ों की संख्या में लोग इस चार दिवसीय व्रत का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
सनातन धर्म और संस्कृति में भगवान सूर्य जिन्हें आदित्य भी कहा जाता है वास्तव में एक मात्र प्रत्यक्ष देवता हैं। इनकी रोशनी से ही प्रकृति में जीवन चक्र चलता है। इनकी किरणों से ही धरती में प्राण का संचार होता है। भगवान सूर्य की इस अपार कृपा के लिए श्रद्धा पूर्वक समर्पण और पूजा उनके प्रति कृतज्ञता को दर्शाता है। सूर्य षष्टी या छठ व्रत इन्हीं आदित्य सूर्य भगवान को समर्पित है। सामान्य जन की भाषा में इसे छठ व्रत कहा जाता है। इस महापर्व में सूर्य नारायण के साथ देवी षष्टी की पूजा भी होती है। दोनों ही दृष्टि से इस पर्व की अलग अलग कथा एवं महात्मय है।
छठ व्रत कथा :
एक थे राजा प्रियव्रत उनकी पत्नी थी मालिनी। राजा रानी नि:संतान होने से बहुत दु:खी थे। उन्होंने महर्षि कश्यप से पुत्रेष्ठि यज्ञ करवाया। यज्ञ के प्रभाव से मालिनी गर्भवती हुई परंतु नौ महीने बाद जब उन्होंने बालक को जन्म दिया तो वह मृत पैदा हुआ। प्रियव्रत इस से अत्यंत दु:खी हुए और आत्म हत्या करने हेतु तत्पर हुए। प्रियव्रत जैसे ही आत्महत्या करने वाले थे उसी समय एक देवी वहां प्रकट हुईं। देवी ने कहा प्रियव्रत मैं षष्टी देवी हूं। मेरी पूजा आराधना से पुत्र की प्राप्ति होती है, मैं सभी प्रकार की मनोकामना पूर्ण करने वाली हूं। अत: तुम मेरी पूजा करो तुम्हे पुत्र रत्न की प्राप्ति होगी। राजा ने देवी की आज्ञा मान कर कार्तिक शुक्ल षष्टी तिथि को देवी षष्टी की पूजा की जिससे उन्हें अपने कुल को आगे बढ़ाने वाले पुत्र की प्राप्ति हुई। इस दिन से ही छठ व्रत का अनुष्ठान चला आ रहा है।
एक अन्य मान्यता के अनुसार भगवान सूर्य वंश में मानव शरीर धारण करने वाले भगवान श्रीरामचन्द्र जी जब लंका विजय के बाद अयोध्या लौट कर आये तब राजतिलक के पश्चात उन्होंने माता सीता के साथ कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि को सूर्य देवता की व्रतोपासना की और उस दिन से जनसामान्य में यह पर्व प्रचलित हो गया। मान्यता यह भी है कि हर व्रती के शरीर में माता षष्ठी का वास होता है और व्रतियों के माध्यम से माता षष्ठी स्वयं ही भगवान आदित्य का पूजन करती हैं।
छठ व्रत विधि : इस महापर्व में देवी षष्ठी माता एवं भगवान सूर्य को प्रसन्न करने के लिए स्त्री और पुरूष दोनों ही व्रत रखते हैं। व्रत चार दिनो का होता है पहले दिन यानी चतुर्थी को आत्म शुद्धि हेतु व्रत करने वाले, केवल अरवा खाते हैं यानी शुद्ध आहार लेते हैं। यह दिन नहा खा होता है यानी स्नान करके पूजा पाठ करके तन, मन और वातावरण की शुद्धि। पंचमी के दिन खरना होता है। दिन भर के उपवास के बाद संध्या काल में गुड़ और अरवा चावल से खीर बनाकर, फल और मिष्टान से छठी माता की पूजा की जाती है फिर व्रत करने वाले और परिवार के सदस्य इसी खीर को प्रसाद के तौर पर खाते हैं। नमक का उपयोग वर्जित है।
षष्टी के दिन घर में पवित्रता एवं शुद्धता के साथ उत्तम पकवान, गुड़ और आटे से घी में तल कर ठेकुआ बनाये जाते हैं। संध्या के समय पकवानों को, फल और फूल के साथ सूप में सजा कर, बांस के डालों में भरकर जलाशय के निकट यानी नदी, तालाब, सरोवर पर ले जाया जाता है। वहां जल में खड़े होकर अस्ताचल गामी सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्यास्त के पश्चात लोग अपने अपने घर वापस आ जाते हैं। रात में धूप-दीप और पारंपरिक गीत के साथ जागरण किया जाता है।
सप्तमी के दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में पुन: संध्या काल की तरह सूप में पकवान, नारियल, केला, मिठाई भर कर नदी तट पर लोग जमा होते हैं। व्रत करने वाले सुबह के समय उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। अंकुरित चना हाथ में लेकर षष्ठी व्रत की कथा कही और सुनी जाती है। कथा के बाद प्रसाद वितरण किया जाता है और फिर सभी अपने अपने घर आते हैं।
व्रती लोग अपने घर में कुल देवी या देवता का पूजन करके व्रत का परायण करते हैं। इस पर्व के विषय में मान्यता यह है कि व्रत के उपरांत जो भी भाव पूर्वक षष्टी माता और सूर्य देव से इस दिन मांगा जाता है वह मनोकामना अवश्य पूरी होती है।
सादर जय सियाराम
कॉपी राईट – तारकेश्वर मिश्र
©तारकेश्वर मिश्र

















Leave a Reply