खास बातें –
- शुक्रवार से शुरू हो रहा है चार दिवसीय सूर्य षष्ठी का पावन व्रत
- एक मात्र प्रत्यक्ष देवता जिन्हें हम अपनी आँखों से देखते हैं
- देवी षष्ठी व्रती के शरीर को माध्यम बना कर करती हैं देव पूजन
- बहुत ही कठिन लेकिन, सब कुछ देने वाला सर्वमान्य व्रत
आम तौर पर लोग सवाल करते हैं कि भगवान को किसने देखा है। और इस सवाल का जवाब है सनातन संस्कृति से जुड़ा सूर्य षष्ठी व्रत। एक प्रत्यक्ष देवता जो हमारी पृथ्वी और सम्पूर्ण चराचर जगत के आधार हैं। यह उनकी पूजा से जुड़ा एक पारम्परिक व्रत है।
भगवान भास्कर के बिना इस धरती और मानव का कल्याण संभव ही नहीं है और इसी कारण से युगों से सनातन संस्कृति में हमारे प्रत्यक्ष देव आदित्य को पूजने की परम्परा चली आ रही है। मान्यता है कि व्रत का संकल्प लेने वाले के शरीर को माध्यम बना कर देवी षष्ठी, भगवान भाष्कर की विधिवत पूजा करती हैं और फिर व्रत संपन्न करने वालों से जुड़े पूरे परिवार को अपने आशीर्वाद से धन्य करती हैं। इस पूजा के कुछ प्रमुख तथ्य निम्न प्रकार हैं:-
यह पर्व पूर्णरूप से प्रकृति की पूजा ही है, जिस प्रकृति से हम सबका जीवन चलता है।
इस त्योहार में वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित पूरे संसार में ऊर्जा के स्रोत भगवान भाष्कर की आराधना की जाती है।
उगते सूरज की पूजा तो सब करते है, इस पर्व में अस्ताचलगामी सूरज की भी पूजा अर्चना की जाती है।
यह पर्व किसी भी जाति व सम्प्रदाय के बंधन से मुक्त है। इसे हर कोई कर सकता है। भारत के कई प्रान्तों में मुस्लिम समुदाय के लोग भी इस व्रत को करते आ रहे हैं।
यह सामाजिक सहजीविता का भी अनुपम उदाहरण है। इसमें प्रयुक्त होने वाले बांस के बने सामान महादलित के घर से आते हैं, तथा पूजन में प्रयुक्त विभिन्न सामान भी समाज के विभिन्न जाति और समुदाय के लोगों से खरीदे जाते हैं।
इसमें अमीर-गरीब, स्त्री-पुरुष, बच्चे-बूढ़े , ऊंच-नीच किसी का भेद नहीं है। हर कोई इस पर्व को कर सकता है, इस त्योहार और पूजन में शामिल हो सकता है।
छठी मैया की पूजा प्रकृति में उपलब्ध सामान्य वस्तु केला, नींबू, हल्दी,, मूली, गन्ना, फल, गुड़ व दूध से बनी वस्तुओं से होती है। न्यूनता और अधिकता की भी कोई सीमा नहीं है और किसी कीमती चढ़ावे की कोई जरूरत नहीं है।
इस व्रत में स्वच्छता व पवित्रता का सबसे अधिक ध्यान रखा जाता है, पूजन वाले घर और परिवार को इसका विशेष ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी जाती है।
इसमें किसी पंडित – पुरोहित या किसी तंत्र-मंत्र की कोई बाध्यता भी नहीं है।
इस पूजन में भक्त और भगवान के बीच सीधा सम्बन्ध होता है,- आत्मा से परमात्मा का सीधा सम्पर्क बिना किसी गुरू अथवा पुरोहित की मदद के।
चार दिनों का यह पावन व्रत नहाय – खाय से शुरू होता है, कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को व्रत का संकल्प करने वाले अरवा चावल, चना दाल और लौकी की सब्जी का सेवन करते हैं। पंचमी को दिन भर उपवास के बाद शाम को रोटी, मूली, केला, गुड़, दूध और अरवा चावल की खीर से छठी माता का आवाहन और पूजन होता है, इसे खरना कहते हैं। खरना का प्रसाद व्रती के साथ ही साथ परिवार के लोग बड़ी श्रद्धा से ग्रहण करते हैं। व्रती लोगों के लिए नमक का उपयोग वर्जित है। षष्ठी तिथि को दिन भर निर्जला उपवास के बाद व्रती लोग जल में खड़े होकर, सूप में ठेकुआ , पुड़ी और फल सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य देते है। रात में परम्परागत गीत और दीपमालिका से घर में छठी माता की आराधना होती है। और सप्तमी तिथि को उदित हो रहे सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रत संपन्न होता है।
सर्दी के शुष्क मौसम में निर्जला उपवास, जल में घंटो खड़े होकर अर्घ्य देने आदि कठिन तप के माध्यम से संपन्न होने वाला यह व्रत, सुख और सौभाग्य का सूचक माना जाता है।
आम तौर पर सनातन शास्त्रों में पुत्र कामना की बातें पढने को मिलती हैं, लेकिन इस व्रत में खासकर पुत्री की भी कामना की जाती है।
इस व्रत की महिमा और परम्परा से जुड़े परम्परागत गीत और लोकगीत भी पीढ़ी दर पीढ़ी गाये जा रहे हैं।
आस्था और परम्परा से जुड़े इस त्योहार का प्रसाद मिलना भी सनातन परिवार के लोग अपना सौभाग्य मानते हैं, और किसी से भी प्रसाद मांग कर उसे श्रद्धापूर्वक ग्रहण करते हैं।
सूर्य उपासना का मन्त्र :
ॐ सूर्य देवाय नम: ।
ॐ ऐहि सूर्य सहस्त्रांशों तेजो राशे जगत्पते, अनुकंपये मां भक्त्या, गृहाणार्घय दिवाकर:।
कॉपी राईट – तारकेश्वर मिश्र
©तारकेश्वर मिश्र

















Leave a Reply