मुख्य बातें :
- पुलिस ने नोटों के बंडल दिखाकर ठगी करने वालों को पकड़ा
- फर्जी लेबल लगे बंडल बरामद, छपाई का सामान जब्त
- बंडलों पर ICICI बैंक के फर्जी लेबल भी लगे थे
कोलकाता : कोलकाता के अति व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र बड़ाबाजार में पुलिस ने नकली नोट चलाने की कोशिश करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद बंडलों में नोट के आकार में कटे हुए सफेद कागज भरे हुए थे। पुलिस के अनुसार, इन बंडलों की कुल कीमत ₹20 लाख बताई गई थी, लेकिन असल में केवल ₹4,000 के असली नोट ही बरामद हुए।
स्ट्रैंड रोड क्रॉसिंग के पास दो संदिग्ध पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को बड़ाबाजार पुलिस स्टेशन की एक टीम को सूचना मिली कि दो लोग स्ट्रैंड रोड और मीरबहार घाट स्ट्रीट क्रॉसिंग के पास नकली नोटों के बंडल लेकर जा रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने विजयपाल तंवर उर्फ अरविंद (23) और शिवा थापा (24) को पकड़ लिया।
बंडलों में कागज और असली ₹500 के नोट थे। तलाशी के दौरान, पुलिस ने तंवर के बैग से चार बंडल बरामद किए। हर बंडल में ₹500 के दो असली नोट थे—एक सबसे ऊपर और एक सबसे नीचे—जबकि बीच में नोट के आकार में कटे हुए सफेद कागज के 998 टुकड़े रखे थे। इन बंडलों पर ICICI बैंक के फर्जी लेबल भी लगे थे, जिन पर हर बंडल की कीमत ₹5 लाख लिखी थी।
जांच के दौरान छपाई का सामान और कागज जब्त
पुलिस ने कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए इन बंडलों को जब्त किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। जब्त की गई चीजों को पैक करके उन पर लेबल लगाया गया और सील कर दिया गया। साथ ही, आरोपियों को जब्त की गई चीजों की सूची (सीजर लिस्ट) की कॉपी भी दी गई।उनके रिश्तेदारों को भी उनकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई। बड़ाबाजार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है (केस नंबर 171/2026, दिनांक 27 अक्टूबर)।
हावड़ा में दो और साथी गिरफ्तार
जांच के दौरान, पहले पकड़े गए दो आरोपियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने हावड़ा से उनके दो साथियों—सुनील कुमार वर्मा (47) और गोपाल गुर्जर (24)—को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि इनके पास से एक प्रिंटर, कागज काटने वाली मशीन (पेपर-रिम कटर), JK एक्सेल सुपर व्हाइट बॉन्ड पेपर के दो बॉक्स, सेलोटेप लगाने वाली मशीन, दो कैंचियां और इंक कार्ट्रिज बरामद किए गए हैं। पकड़े गए लोगों ने अबतक कितने लोगों को चूना लगाया है, इस बात का पता लगाया जा रहा है।













Leave a Reply