कोलकाता के हल्दीराम में मिलीं कॉकरोच-मक्खियां; आउटलेट बंद

कोलकाता : हल्दीराम का बड़ा नाम और ग्राहकों के भरोसे के बावजूद खाद्य सुरक्षा के मानकों में संस्थान की भारी लापरवाही सामने आई है। कोलकाता के वीआईपी रोड स्थित हल्दीराम के रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की जांच के दौरान खाने के काउंटर की अलमारियों और टेबल के नीचे कॉकरोच व मक्खियां भिनभिनाती मिलीं। सफाई में खामियां मिलने पर रेस्टोरेंट को दो दिनों के लिए बंद करा दिया गया। संचालकों ने साफ-सफाई और कीट नियंत्रण के लिए रेस्टोरेंट बंद रखने पर सहमति जताई और साथ ही आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होगी। गुरुवार को भी बड़े पैमाने पर साफ सफाई का काम चल रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की दोबारा जांच के बाद ही इसे खोलने की अनुमति मिलेगी। जांच टीम की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों को पका हुआ खाना रखने वाली अलमारियों के अंधेरे कोनों में भी कॉकरोच और मक्खियां मिलीं। इसे खाद्य स्वच्छता के नियमों का उल्लंघन माना गया।

तेल की गुणवत्ता जांचने वाली मशीन भी लगानी होगी
रेस्टोरेंट में कई तरह के तले हुए व्यंजन बेचे जाते हैं। ऐसे में अधिकारियों ने रोजाना इस्तेमाल होने वाले तलने के तेल की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए जांच मशीन लगाने का भी निर्देश दिया है। सफाई और स्वच्छता संबंधी उपाय पूरे होने के बाद संचालकों को विभाग को इसकी जानकारी देनी होगी। निरीक्षण में संतुष्ट होने पर ही रेस्टोरेंट दोबारा खुल सकेगा। दीपावली से पहले ग्राहकों की बढ़ती संख्या के बीच रेस्टोरेंट खुला रखकर कीट नियंत्रण और सफाई का काम करना संभव नहीं था।

कोलकाता के वीआईपी रोड स्थित हल्दीराम रेस्टोरेंट में जांच के दौरान कॉकरोच और मक्खियां मिलीं। सफाई और कीट नियंत्रण के लिए आउटलेट दो दिन बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *