सोमवार को कोलकाता में नितिन नवीन के नेतृत्व में BJP की रैली

मुख्य बातें :

  1. BJP का जवाबी कदम, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ‘ रैली
  2. मध्य कोलकाता में सड़क यातायात बाधित होने की आशंका
  3. नगर निकाय चुनाव की तैयारी की समीक्षा करेंगे नितिन नवीन

कोलकाता : दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर रविवार को आईएनडीआई गठबंधन द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन कर केंद्र सरकार पर हमला बोला गया। इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी देश के विभिन्न हिस्से में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली का आयोजन करने जा रही है। बंगाल में इसकी शुरुआत कोलकाता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार 2 नवंबर को दोपहर बाद कॉलेज स्ट्रीट से एस्प्लेनेड तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान SIR के खिलाफ विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों का जवाब देने के लिए BJP के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का हिस्सा है। इस रैली में मुख्य मंत्री सुवेंदु अधिकारी और BJP के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी शामिल होंगे। इस आयोजन से मध्य कोलकाता में सड़क यातायात बाधित होने की भी आशंका है।

BJP के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल राहा ने बताया कि यह अभियान 3 नवंबर को हावड़ा और सिलीगुड़ी, 4 नवंबर को कृष्णानगर और 5 नवंबर को दुर्गापुर तक जाएगा। राहा ने कहा, “अभियान का दूसरा चरण काली पूजा और दिवाली के बाद 11 नवंबर से शुरू होगा। पार्टी की योजना 800 जगहों पर मार्च आयोजित करने की है, जिसमें कम से कम 10,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।” उन्होंने यह भी बताया कि BJP इस कार्यक्रम के समर्थन में देशभर के राष्ट्रवादियों को एक साथ लाने की योजना बना रही है।

नगर निगम चुनावों पर भी होगी चर्चा

नितिन नवीन के दौरे का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारी की समीक्षा व रणनीति तैयार करना है। कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर वह प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल के साथ वह कई दौर की बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन की स्थिति, वार्ड स्तर पर तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले सितंबर के अंतिम सप्ताह में भी नवीन दो दिवसीय दौरे पर बंगाल आए थे। उस दौरान भी उन्होंने प्रदेश नेताओं के साथ निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की थी। दोनों नगर निगम के चुनाव इस साल दिसंबर में होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *