मुख्य सामग्री पर जाएँ
कोलकाता

निजी स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए शिक्षा विभाग का पोर्टल

टिप्पणियाँ 0

कोलकाता : निजी स्कूलों में मनमानी रोकने के लिए राज्य का शिक्षा विभाग अगले दो दिनों में ही एक पोर्टल शुरू करने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार देर शाम कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में 360 निजी स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उक्त जानकारी देते हुए कहा कि बंगाल में शिक्षा को कारोबार का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार फीस वृद्धि के नाम पर अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने के पक्ष में नहीं है।

उन्होंने कुछ निजी स्कूलों द्वारा पांच प्रतिशत से अधिक फीस वृद्धि पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि चालू शैक्षणिक वर्ष में अतिरिक्त फीस वसूली गई है तो उसे अगले सेमेस्टर में समायोजित किया जाए या अभिभावकों को वापस किया जाए। फीस नियंत्रण के लिए सरकार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करेगी। जरूरत पड़ने पर कानून भी बनाया जा सकता है।

मनमाना फीस वृद्धि स्वीकार नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ निजी स्कूलों ने नौ, 12 और 15 प्रतिशत तक फीस बढ़ाई है। सरकार ने स्कूलों को बुलाकर स्पष्ट कर दिया है कि वह इस तरह की वृद्धि को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि देश के सात राज्यों में निजी स्कूलों की फीस नियंत्रित करने के लिए कानून है। बंगाल में भी सरकार ऐसा कानून लाने के लिए बाध्य हो सकती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, कुछ स्कूलों ने नौ प्रतिशत फीस बढ़ाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन सरकार ने इसे स्वीकार नहीं किया। फीस वृद्धि से संबंधित मामलों की शिक्षा विभाग अलग-अलग समीक्षा करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों ने चालू शैक्षणिक वर्ष में अतिरिक्त फीस वसूली है, वे अगले सेमेस्टर में उसे समायोजित करें या वापस कर दें। बैठक में स्कूलों ने आश्वासन दिया कि पांच प्रतिशत से अधिक वसूली गई फीस को अगले सेमेस्टर में समायोजित कर दिया जाएगा।

एक दिसंबर से शुरू होंगे दो पोर्टल
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक दिसंबर से शिक्षा विभाग दो पोर्टल शुरू करेगा। पहले पोर्टल पर निजी स्कूल अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। दूसरे पोर्टल के माध्यम से अभिभावक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए स्कूलों की फीस वृद्धि और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से संबंधित शिकायतें कर सकेंगे। निजी स्कूलों और अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक समिति भी गठित की जाएगी। समिति को अगले वर्ष 28 फरवरी तक अपनी रिपोर्ट शिक्षा मंत्री को सौंपनी होगी।
बैठक में स्कूलों की ओर से यातायात व्यवस्था से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं। स्कूलों के बाहर यातायात पुलिस और सिविक वालंटियर की तैनाती की मांग की गई। बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन, राज्यमंत्री कौशिक चौधरी और सीबीएसई के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *