परिसीमन बिल पर बिखरा विपक्ष, स्टालिन से पवार तक आए मोदी के साथ
नई दिल्ली : परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। अप्रैल 2026 में लोकसभा में सरकार की पहली कोशिश नाकाम हो गई थी। अब केंद्र सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ दोबारा मैदान में है। सबसे अहम बात यह है कि आज 28 नवंबर को संसद में परिसीमन बिल पर मतदान नहीं होना है। आज विपक्षी दल अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं, जबकि सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष संसदीय सत्र में नए विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इस बार सरकार ने 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का नया फॉर्मूला दिया है। देखना होगा कि इससे दक्षिण भारतीय राज्यों की आपत्तियां दूर होती हैं या फिर इस बिल पर अवरोध होगा।
परिसीमन विधेयक पर एकनाथ शिंदे का बड़ा फैसला
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगामी परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है। शिवसेना सांसदों के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान शिंदे ने सभी सांसदों को इस विधेयक के पक्ष में समर्थन देने का निर्देश दिया है। उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अपने आधिकारिक बयान के माध्यम से इस निर्णय को भारतीय लोकतंत्र के लिए एक नया और महत्वपूर्ण कदम बताया है।
परिसीमन बिल को DMK ने दिया समर्थन
DMK ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी उस प्रस्ताव के पक्ष में है, जिसमें सभी राज्यों की लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक आनुपातिक वृद्धि करने का प्रावधान किया गया है।
DMK के बाद अब चंद्रशेखर राव ने परिसीमन पर लिया बड़ा फैसला
परिसीमन विधेयक पर पार्टी के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा में राज्य का प्रतिनिधित्व वर्तमान 17 सीटों से बढ़कर 26 सीटों तक पहुंच जाएगा, जिससे देश के सर्वोच्च विधायी मंच पर तेलंगाना की आवाज़ और प्रभावशाली होगी। उन्होंने यह भी बताया कि BRS के तीन राज्यसभा सदस्य इस प्रस्ताव के समर्थन में मतदान करेंगे।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
महिला आरक्षण को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परिसीमन बिल पर चर्चा की सिफारिश

शनिवार को जारी एक लोकसभा बुलेटिन के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत ‘परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026’ पर विचार करने की सिफारिश लोकसभा से की है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बिल का किया स्वागत
परिसीमन बिल का बसपा सुप्रीमो मायावती ने स्वागत किया है। उन्होंने ट्ववीट कर लिखा कि बीएसपी देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की माँग लगातार करती रही है तथा इस बारे में केन्द्र सरकार के ताज़ा फैसले का स्वागत भी करती है।
गृहमंत्री ने ट्वीट कर बताया बड़ा कदम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि मोदी जी के नेतृत्व में कैबिनेट द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी देना, देश के सभी राज्यों में लोगों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन को जनता के और करीब लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
खड़गे ने लगाया गंभीर आरोप
परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में SC और ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या वहां की आबादी के अनुपात में होनी चाहिए। इसके मुताबिक, अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित संशोधन में इसका कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
खड़गे ने कहा कि वर्ष 2026 की जनगणना होने वाली है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। यदि सीटों का आवंटन नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर किया जाता, तो SC/ST समुदायों की बढ़ी हुई आबादी के अनुरूप उन्हें अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित संशोधन की शर्तों से ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार इन समुदायों को उनका उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने से बचना चाहती है और अपने तात्कालिक राजनीतिक हितों को साधने का एजेंडा आगे बढ़ा रही है। परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा परिसीमन बिल लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने आगे कहा ज्ञानेश कुमार अपराधी कैटेगरी के हैं। खड़गे आगे कहते है कि सरकार SC-ST के साथ गलत कर रही है। उन्होंने आगे कहा BJP 800 सीटों के साथ सत्ता कंट्रोल करना चाहती है।
परिसीमन किसी राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं है- बीजेपी प्रवक्ता
परिसीमन विधेयक को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सरकार ने इस मुद्दे पर सभी पक्षों से बातचीत की है। इसके बाद ही कैबिनेट की मंजूरी से विधेयक पेश किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्षी दल विधेयक को गंभीरता से पढ़ेंगे और इसका समर्थन करेंगे। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह विधेयक किसी एक राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि देशहित में लाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इसमें सभी पक्षों की भावनाओं का ध्यान रखा गया है, इसलिए इसे लेकर विवाद या अनावश्यक बहस की जरूरत नहीं है।


टिप्पणी लिखें