मुख्य सामग्री पर जाएँ
पश्चिम बंगाल

नए कारखानों की उम्मीदों के बीच सिंगूर में जमीन की कीमतें बढ़ीं

टिप्पणियाँ 0
कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा सिंगूर में टाटा कंपनी के नैनो परियोजना से संबंधित भूमि पर फिर से नए कारखाने की स्थापना किये जाने की घोषणा के साथ ही प्रस्तावित परियोजना स्थल के आसपास की जमीन खरीदने वालों की जमात सक्रिय हो गई है और इससे इलाके में जमीन की कीमत भी बढ़ गई है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछले सप्ताह कहा था कि राज्य सरकार 997 एकड़ में फैले पूरे भूखंड का अधिग्रहण करने की योजना बना रही है। राज्य के एक अन्य मंत्री ने कहा था कि सिंगूर में कारखाना लगाने के लिए अशोक लेलैंड से बात चल रही है। स्थानीय किसानों और स्थानीय विधायक ने बुधवार को बताया कि सिंगूर में पूर्व की टाटा नैनो परियोजना स्थल के अंदर और आसपास की जमीन की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है।

सिंगूर के विधायक अरूप कुमार दास ने बताया कि मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से परित्यक्त परियोजना स्थल के आसपास के इलाकों में निजी जमीन की कीमतें कम से कम दोगुनी हो गई हैं, वहीं अधिकारी की हालिया घोषणा ने क्षेत्र में औद्योगीकरण और विकास की उम्मीदों को और बढ़ावा दिया है। भाजपा विधायक ने कहा कि उन्होंने नैनो परियोजना स्थल के भीतर जमीन की खरीद के संबंध में कुछ लोगों द्वारा पूछताछ किये जाने के बारे में भी सुना है। उन्होंने कहा कि किसान हालांकि अपने भूखंड निजी पक्षों को बेचने के इच्छुक नहीं हैं और उन्हें केवल सरकार को ही बेचना चाहते हैं। विधायक ने कहा कि उद्योग जगत के कुछ लोग उनसे भी संपर्क कर रहे हैं और इलाके में जमीन खरीदने में अपनी रुचि जता रहे हैं। दास ने कहा, “हुगली जिले के सिंगूर में अब सभी बाधाओं को पार करते हुए उद्योग निश्चित रूप से स्थापित होंगे।”

कुछ किसानों ने बताया कि परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि बेकार पड़ी है और पिछली सरकार द्वारा उसे फिर से खेती के योग्य नहीं बनाया जा सका था। उन्होंने कहा कि भूमि से कोई आर्थिक लाभ न होने के कारण कीमतें कम बनी हुई थीं। उन्होंने बताया कि कुछ बाहरी लोग और एजेंट अब भूमि के लिए काफी अधिक कीमतें बता रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों में जमीन के दलालों ने प्रस्तावित कारखाने की जगह के पास स्थित भूखंडों के मालिकों से संपर्क किया है और उन्हें कथित तौर पर मौजूदा बाजार कीमतों से अधिक दरों पर जल्द से जल्द जमीन बेचने के लिए मनाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा था कि हुगली के जिला मजिस्ट्रेट को भूमि अधिग्रहण की इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधिकारी ने घोषणा की थी कि चूंकि सिंगूर के किसानों को दो बार मुआवजा मिल चुका है, एक बार जमीन बेचकर और फिर अपनी जमीन वापस पाकर, इसलिए सरकार इसे “उचित” कीमत पर ही खरीदेगी। उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी सरकार के कार्यकाल के दौरान 2016-17 में उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद किसानों को लौटाई गई अधिकांश जमीन को कभी दोबारा खेती के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सका है, क्योंकि जमीन में मिट्टी की जगह कंक्रीट और ईंट-पत्थर के टुकड़ों का जंजाल फैला हुआ है।
टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *