कोलकाता पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क पर कार्रवाई की, 20 लोग गिरफ्तार
कोलकाता : संगठित साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, कोलकाता पुलिस के ‘ऑर्गनाइज्ड साइबर क्राइम सेक्शन’ ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह नेटवर्क कोलकाता और आसपास के इलाकों में कई फर्जी कॉल सेंटरों के जरिए चलाया जा रहा था, जो अमेरिका और ब्रिटेन के बुजुर्ग नागरिकों को अपना निशाना बनाता था।
पुलिस की समन्वित छापेमारी में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, 60 से अधिक डिजिटल डिवाइस, कई सिम कार्ड, बैंक से जुड़े दस्तावेज, संचार उपकरण और लगभग 20 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई से नेटवर्क के कामकाज को बड़ा झटका लगा है। कोलकाता पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ सख्त है और लगातार कार्रवाई कर रही है।
साइबर ठगी से बचाव के उपाय :

1. गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें: बैंक, पुलिस या कोई भी संस्था फोन या मैसेज पर OTP, पिन, CVV या पासवर्ड नहीं मांगती।
2. लिंक और ऐप्स से सावधान रहें: SMS, WhatsApp या ईमेल में आए अनजान लिंक न खोलें। केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें और स्क्रीन शेयरिंग से बचें।
3. डिजिटल अरेस्ट और डर से न घबराएं: पुलिस या जांच एजेंसियां वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करतीं। किसी केस, पार्सल या खाते की धमकी मिलने पर कॉल काट दें और सीधे संबंधित विभाग से पुष्टि करें।
4. लालच और फर्जी ऑफर्स से बचें: आसान कमाई, लॉटरी, सस्ते लोन या नौकरी के झांसे में आने से पहले उनकी जांच करें। पैसे लेने के लिए कभी भी UPI पिन दर्ज न करें या अनजान QR कोड स्कैन न करें।
5. खाते और डिवाइस सुरक्षित रखें: हर खाते के लिए मजबूत व अलग पासवर्ड रखें, 2FA ऑन करें, फोन व ऐप अपडेट रखें, और पब्लिक Wi-Fi पर बैंकिंग न करें।
ठगी होने पर तुरंत क्या करें
1. 1930 पर कॉल करें: तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। शुरुआती घंटों में शिकायत करने से पैसा फ्रीज होने और वापस मिलने की संभावना बढ़ती है।
2. कार्ड और खाता लॉक करें: तुरंत अपने बैंक को सूचित करें, डेबिट/क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करें और पासवर्ड बदलें।


टिप्पणी लिखें