हिंदुओं की हत्या पर भड़के बंगाल के मंत्री, बोले – बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे
कोलकाता : बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय के लोगों की हत्या से विचलित पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बांग्लादेश पर कब्जा कर लेने का बयान देकर सनसनी फैला दी है। उन्होंने हिंदुओं की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भारत के लोगों में चिंता व्याप्त है। पश्चिम बंगाल के भाटपारा से विधायक और राज्य के मंत्री अर्जुन सिंह ने बांग्लादेश को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि 16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या का बदला लेने की बात भी कही। 24 नवंबर को दिए गए बयान में अर्जुन सिंह ने कहा, 16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। बांग्लादेश में जिस तरह हिंदुओं की हत्या की गई है, हम उसका बदला जरूर लेंगे। इसमें कोई शक नहीं है।
16 दिसंबर बांग्लादेश की आजादी का दिन
पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री अर्जुन सिंह के बयान के बाद भारत और बांग्लादेश के संबंधों को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और उनकी सुरक्षा का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में रहा है। इस मुद्दे पर भारत में भी विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों की ओर से चिंता जताई जाती रही है। अर्जुन सिंह का यह बयान खास तौर पर 16 दिसंबर की तारीख का जिक्र करने के कारण चर्चा में है। गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ था।


टिप्पणी लिखें