सुप्रीम कोर्ट ने कहा : चुनावों को अनुचित रूप से टाला नहीं जाना चाहिए
फिर भी कोलकाता नगर निगम चुनाव टालने के हाईकोर्ट का आदेश बरकरार
209 वार्डों के परिसीमन विवाद को दोबारा हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में भेजने का प्रस्ताव, डिवीजन बेंच के नए आदेश तक नहीं हो सकेगी चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कार्रवाई
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के वार्ड परिसीमन और आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे विवाद को दोबारा कलकत्ता हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में भेजने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही अदालत ने संकेत दिया कि डिवीजन बेंच जब तक मामले के सभी कानूनी और तथ्यात्मक पहलुओं पर विचार कर अपना रुख स्पष्ट नहीं करती, तब तक नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।हालांकि, बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया।
इसका सीधा अर्थ है कि फिलहाल कलकत्ता हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच द्वारा 6 नवंबर को चुनाव की घोषणा पर लगाई गई रोक बरकरार है। मामले की अगली सुनवाई आगामी सोमवार, 30 नवंबर को होगी।
उल्लेखनीय है कि कलकत्ता हाई कोर्ट ने 6 नवंबर को चुनावी अधिसूचना जारी करने पर अंतरिम रोक लगा दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि वार्ड परिसीमन से संबंधित मुकदमे का निपटारा होने तक राज्य चुनाव आयोग नगर निगम चुनाव को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं कर सकेगा। इससे चुनाव की तैयारियों पर फिलहाल विराम लग गया है। यह मामला कोलकाता नगर निगम के वार्डों के नए सिरे से परिसीमन और उनकी संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के राज्य सरकार के फैसले से जुड़ा है। पूर्व पार्षद दीपू दास ने परिसीमन प्रक्रिया की वैधता को हाई कोर्ट में चुनौती दी है।


टिप्पणी लिखें