काशी में देव दीपावली देखने पहुंचे 15 लाख पर्यटक; 40 देशों के मेहमान आए
काशी : मंगलवार को काशी के नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर देव दीपावली के उत्सव की शुरूआत की। थोड़ी ही देर में सभी 84 घाटों पर एक साथ 11 लाख दीपक जलाये गए। देश-दुनिया में मशहूर काशी की देव-दीपावली देखने के लिए कार्तिक पूर्णिमा के दिन मंगलवार को लाखों लोग उमड़े। देव दीपावली पर काशी के सभी 84 घाटों पर एक साथ करीब 11 लाख दीप जलाए गए।
वाराणसी में देव दीपावली की छटा देखने इस बार 40 देशों से मेहमान पहुंचे हैं। पूरे शहर में करीब 15 लाख से ज्यादा पर्यटकों की भीड़ उमड़ी और किसी भी होटल, गेस्ट हाउस व होम स्टे में तिल रखने की भी जगह नहीं बची है। वाराणसी में पर्यटकों की भीड़ के चलते पड़ोस में सारनाथ से लेकर जौनपुर तक के होटलों में जगह नहीं बची है। शहर में पर्यटकों के आवागमन के लिए बाहर से भी टैक्सियां मंगायी गयी हैं जबकि घाट के करीब के इलाकों में केवल पैदल आने-जाने दिया जा रहा है।
काशी के 84 घाटों पर एक साथ 11 लाख दीप जलाए गए
मंगलवार को नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर देव दीपावली के उत्सव की शुरूआत की। थोड़ी ही देर में सभी 84 घाटों पर एक साथ 11 लाख दीपक जला दिए गए। देव दीपावली की छटा देखने के लिए गंगा में एक साथ हजारों नावें चलायी गयीं। वाराणसी में दशाश्वमेध, अस्सी, नमो घाट, केदार घाट व हरिशचंद्र घाट पर गंगा आरती देखने वालों की सबसे ज्यादा भीड़ देखी गयी। दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखने वालों ने दोपहर से ही डेरा जमा लिया था और शाम तक यहां एक भी सीट खाली नहीं बची थी। काशी के छह घाटों पर लेजर व ड्रोन शो आयोजित किए गए।
गंगा आरती और भजनों ने माहौल को भक्तिमय बनाया
अस्सी घाट पर फूलों से गंगा मां का अभिषेक किया गया और वैदिक मंत्रों के बीच श्रधालुओं ने पूजा की। यहीं पर नाग आरती के बीच लगातार पांच मिनट तक आतिशबाजी की गयी। दशाश्वमेध घाट पर सांसद मनोज तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी जबकि शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के नेतृत्व में मां गंगा का 151 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर हरिशचंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गयी। रामघाट पर ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित आकर्षक रंगोली बनाई गयी वहीं अस्सी घाट पर रेत से आकृतियां बनायी गयी हैं। इस मौके पर अस्सी घाट के मंच सहित कई अन्य घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


टिप्पणी लिखें