अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से मिली राहत
छह मामलों में 26 फरवरी तक अंतरिम संरक्षण बरकरार
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से राहत मिली है। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की एकल पीठ ने सोमवार को छह मामलों में उनके खिलाफ अंतरिम संरक्षण की अवधि 26 फरवरी 2027 तक बढ़ा दी।
राज्य सरकार की आपत्ति के बावजूद अदालत ने पहले से मिली राहत बरकरार रखने का निर्देश दिया। पहले तीन मामले दक्षिण 24 परगना के कालीतला थाना, भवानीपुर थाना और एक अन्य मामले से संबंधित हैं। राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि इन मामलों में जांच अभी पूरी नहीं हुई है। सोमवार को राज्य की ओर से जांच की प्रगति रिपोर्ट भी पेश की गई। हालांकि, सरकार की आपत्ति के बावजूद अदालत ने अभिषेक को अंतरिम संरक्षण जारी रखने का आदेश दिया।
सेवाश्रय मामलों में भी संरक्षण बरकरार
डायमंड हार्बर में आयोजित सेवाश्रय स्वास्थ्य शिविरों से जुड़े तीन मामलों में भी अभिषेक को राहत मिली है। ये मामले डायमंड हार्बर, विष्णुपुर और रवींद्रनगर थानों में दर्ज हैं। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की एकल पीठ ने इन मामलों में भी अंतरिम संरक्षण की अवधि 26 फरवरी 2027 तक बढ़ा दी। अदालत के अनुसार, परिस्थितियों में ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिसके आधार पर पहले दिए गए अंतरिम आदेश को हटाने की जरूरत हो।


टिप्पणी लिखें