मुख्य सामग्री पर जाएँ
उत्तर प्रदेश

शादी और नौकरी का झांसा: यूपी के आजमगढ़ की युवती कैसे बंगाल के कोठे तक पहुंची

टिप्पणियाँ 0


पुलिस ने बताया कि पीड़िता को 1 लाख रुपये में बेच दिया गया था और कोठे पर उसकी मर्जी के खिलाफ उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।

कोलकाता : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रहने वाली 19 साल की यह युवती 17 मार्च को अपने गांव से लापता हो गई थी। महीनों तक पुलिस और उसके परिवार को उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला। युवती के पिता, जो एक मजदूर हैं, ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और हफ्तों तक मदद के लिए दर-दर भटकते रहे, लेकिन मामला किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहा था।

कुछ सुरागों पर काम करते हुए, सितंबर में आजमगढ़ पुलिस को इस मामले में पहली बड़ी कामयाबी मिली, जब उन्होंने पश्चिम बंगाल के रहने वाले शिव मंडल को गिरफ्तार किया।

जांच में पता चला कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला मंडल, युवती के लापता होने से पहले करीब दो महीने तक फोन पर उसके संपर्क में था। सोशल मीडिया पर नौकरी के लुभावने विज्ञापन को देख युवती ने मण्डल से फोन पर संपर्क किया था। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस को एक बड़े अंतर-राज्यीय मानव तस्करी रैकेट का पता चला और लापता युवती को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के एक कोठे में खोज निकाला गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि जिस कोठे में युवती को कैद करके रखा गया था, वहां से उसे बचाने के लिए आजमगढ़ पुलिस की एक टीम ने तीन दिनों तक गुप्त ऑपरेशन चलाया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने कुछ मानव तस्करों से संपर्क किया, उनका भरोसा जीता और इस तरह वे उनके नेटवर्क के अंदर तक पहुंचने में कामयाब रहे। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को 1 लाख रुपये में बेच दिया गया था और कोठे पर उसकी मर्जी के खिलाफ उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।

पता चला है कि 19 साल की यह पीड़िता 5वीं कक्षा तक पढ़ी है। आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक (नगर) मनुष पारीक ने बताया, “तीन दिनों की लगातार कोशिशों के बाद, हमारी पुलिस टीम (जिसमें एक महिला कांस्टेबल भी शामिल थीं) पीड़िता का पता लगाने में सफल रही। स्थानीय पुलिस की मदद से, हमने गुरुवार को उसे कोठे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।” गुरुवार को तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर उस मानव तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थे।

यह नेटवर्क कमजोर युवतियों को नौकरी और शादी का झांसा देकर फंसाता था और फिर उन्हें वेश्यावृत्ति में धकेल देता था। इनकी पहचान बिहार के सुरेश राम और महेश कुमार, तथा पश्चिम बंगाल के रहने वाले मोहम्मद अली के रूप में हुई है। इसके साथ ही, इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या सात हो गई है। शिव मंडल के अलावा, आजमगढ़ पुलिस ने इससे पहले बिहार के ही गफ्फार मियां, अभिषेक राज और उनकी पत्नी सितारा खातून को गिरफ्तार किया था। आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनिल कुमार ने बताया, “पुलिस पांच और आरोपियों की तलाश कर रही है, जिनकी संलिप्तता जांच के दौरान सामने आई है।”

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *