मुख्य सामग्री पर जाएँ
अर्थ जगत

अडानी की कंपनी को मिला 25 साल का बड़ा ऑर्डर, पश्चिम बंगाल को 1750 MW बिजली की करेगी सप्लाई

टिप्पणियाँ 0

नई दिल्ली: अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस (AESL) को पश्चिम बंगाल में बिजली सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस (PTSL) को पश्चिम बंगाल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (WBSEDCL) से 1750 मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी की सप्लाई के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड मिला है। यह सप्लाई 25 साल तक की जाएगी। इस समझौते में 750 मेगावाट अतिरिक्त बिजली सप्लाई का विकल्प भी शामिल है। अगर पश्चिम बंगाल की कंपनी इस विकल्प का इस्तेमाल करती है, तो कुल बिजली सप्लाई की क्षमता बढ़कर 2,500 मेगावाट हो जाएगी।

जुलाई 2028 से शुरू होगी सप्लाई

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के मुताबिक, शुरुआती 1750 मेगावाट बिजली की सप्लाई 1 जुलाई 2028 से शुरू होगी। वहीं अतिरिक्त 750 मेगावाट का विकल्प इस्तेमाल किए जाने पर इसकी सप्लाई 1 अप्रैल 2029 से शुरू होगी। कंपनी की सब्सिडियरी PTSL को प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया और ई-रिवर्स ऑक्शन के बाद यह ऑर्डर मिला है।

दिन-रात मिलेगी बिजली

इस समझौते की खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल को चौबीसों घंटे रिन्यूएबल एनर्जी यानी नवीकरणीय ऊर्जा मिलेगी। आमतौर पर सोलर पावर का उत्पादन दिन में और विंड पावर का उत्पादन हवा की उपलब्धता पर निर्भर करता है। ऐसे में बैटरी स्टोरेज और दूसरे इंतजामों की मदद से बिजली की सप्लाई लगातार बनाए रखी जाती है।

कंपनी के मुताबिक इस तरह की बिजली सप्लाई से रिन्यूएबल एनर्जी का इस्तेमाल बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही बिजली ट्रांसमिशन सिस्टम का बेहतर इस्तेमाल भी हो सकेगा।

4.6 GW सोलर-विंड क्षमता से जुड़ी कंपनी

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस ने बताया कि उसकी सब्सिडियरी PTSL ने बिजली की सप्लाई के लिए करीब 4.6 गीगावाट (GW) सोलर और विंड पावर क्षमता का इंतजाम किया है। इसके अलावा, कंपनी ने 3.5 गीगावाट-घंटे (GWh) की बैटरी एनर्जी स्टोरेज क्षमता भी जोड़ी है। कंपनी बड़े बिजली उपभोक्ताओं के साथ लंबी अवधि के समझौते कर अपना कारोबार बढ़ा रही है। इनमें उद्योग, डेटा सेंटर, कमर्शियल संस्थान और बिजली वितरण कंपनियां शामिल हैं।

कंपनी को मिलेगा फायदा

यह 25 साल का समझौता अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को बिजली सप्लाई के कारोबार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का मौका देगा। वहीं, पश्चिम बंगाल को लंबे समय तक रिन्यूएबल एनर्जी की सप्लाई का इंतजाम मिलेगा। बिजली की सप्लाई जुलाई 2028 से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी।

कितने घर होंगे रोशन?

औसतन 1 मेगावाट बिजली से लगभग 750 से 1000 घरों की जरूरत पूरी होती है। यानी कुल 2500 मेगावाट बिजली से पश्चिम बंगाल के करीब 18 से 22 लाख घरों को 24 घंटे स्वच्छ बिजली मिल सकेगी। वहीं कोयले से बनने वाली बिजली पर निर्भरता कम होने से न केवल कार्बन उत्सर्जन घटेगा, बल्कि पीक डिमांड में होने वाली बिजली कटौती से भी बड़ी राहत मिलेगी।

क्या है शेयर की स्थिति?

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। बीएसई पर कंपनी के शेयर शुक्रवार को करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ 1486.20 रुपये पर बंद हुए थे। पिछले एक महीने में इसमें 12 फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल इस कंपनी के शेयर ने 42 फीसदी और पिछले एक साल में 52 फीसदी का रिटर्न दिया है।

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *