मुख्य सामग्री पर जाएँ
उत्तर प्रदेश

‘अशोक सिंहल सेतु’ के नाम से जाना जाएगा प्रयागराज का सिक्स लेन पुल

टिप्पणियाँ 0

प्रयागराज : ऐतिहासिक राम मंदिर आंदोलन के प्राण पुरुष कहे जाने वाले विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल को भावभीनी श्रद्धांजलि के तौर पर प्रयागराज के सिक्स लेन पुल का नामकरण होगा। सूत्रों के अनुसार संगम नगरी में गंगा पर बन रहे बहुप्रतीक्षित फाफामऊ सिक्स लेन पुल को अब एक नई पहचान देने की तैयारी हो चुकी है। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल के नाम पर इस पुल का नामकरण करने का सुझाव प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से दिया गया है। इसके साथ ही पुल पर अशोक सिंहल की 14 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

नगर निगम ने पहल शुरू की
नगर निगम ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है। नामकरण का प्रस्ताव तैयार कर सदन में रखा जाएगा। वहां से संकल्प पारित होने के बाद नामकरण और प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्रतिमा शहर की ओर लगेगी या फिर मालक हर हर की ओर इस पर अंतिम निर्णय पुल पर आवागमन की शुरुआत के दौरान ही लिया जाएगा।

5 वर्षों से चल रहा है 9.8 किमी के पुल का निर्माण
शहर के स्टेनली रोड से मालाक हरहर तक करीब 9.8 किलोमीटर लंबे इस सिक्सलेन पुल का निर्माण लगभग पांच वर्षों से चल रहा है। करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का निर्माण अब अंतिम चरण में है। योजना के अनुसार, 25 से 30 नवंबर के बीच एक लेन पर आवागमन शुरू कराया जाएगा। वहीं पुल की दूसरी लेन पर 25 दिसंबर से यातायात चालू करने की तैयारी है। इसी दिन पुल का औपचारिक उद्घाटन भी प्रस्तावित है।

पुल का लोकार्पण पीएम मोदी से कराने की तैयारी
पुल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों कराने की तैयारी शासन और प्रशासन स्तर पर चल रही है। इस दौरान प्रयागराज की कई बड़ी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की जा सकती हैं। इनमें करीब 3300 करोड़ रुपये की लागत से बन रही रिंग रोड, गंगा पर निर्माणाधीन दूसरा पुल और लगभग 4500 करोड़ रुपये की लागत वाला राम वनगमन मार्ग शामिल है। इसके अलावा करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

लखनऊ, अयोध्या व प्रतापगढ़ की राह होगी आसान
सिक्सलेन पुल शुरू होने से प्रयागराज से लखनऊ, अयोध्या, सुलतानपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा। खासतौर पर तेलियरगंज व फाफामऊ क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। शहर के यातायात का दबाव कम होने के साथ ही गंगा के दोनों छोर के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पल के नामकरण के संबंध में पीएमओ ने भी सुझाव मांगा है।

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *