एकादशी व्रत 20 को या फिर 21 नवम्बर को?
सनातन धर्म और परंपरा में देवउठनी, हरि-प्रबोधिनी अथवा देवोत्थान एकादशी का बहुत महत्व है और इसलिए संत समाज के साथ ही साथ गृहस्थ लोग भी इस व्रत को बहुत श्रद्धा से करते आ रहे हैं। आमतौर पर व्रत की तिथि को लेकर कई बार भ्रम होने लगता है और तब निर्णय लेने के लिए किसी विशेषज्ञ अथवा कर्मकांड के विद्वान की सलाह लेनी पड़ती है। काशी के विद्वानों ने वर्षों पहले एकादशी व्रत करने के बारे में एक सर्वमान्य निर्णय सुनाते हुए कहा था कि “गृहस्थ को सूर्योदय की तिथि ही स्वीकार करनी चाहिए और दशमी युक्त नहीं बल्कि द्वादशी युक्त दिन को व्रत के लिए चुनना चाहिए। इस मत के अनुसार इस बार की ही तरह स्मार्त के लिए और वैष्णव परंपरा के लिए कई बार व्रत का दिन अलग-अलग हो जाता है। देवोत्थान एकादशी स्मार्त के लिए 20 नवम्बर को और वैष्णव परंपरा के लिए 20 नवम्बर को है। आईए जानते हैं स्मार्त और वैष्णव के बारे में –

देवउठनी एकादशी व्रत महात्म्य :
पद्मपुराण के उत्तरखण्ड में वर्णित एकादशी-माहात्म्य के अनुसार श्री हरि-प्रबोधिनी (देवोत्थान) एकादशी का व्रत करने से एक हजार अश्वमेध यज्ञ तथा सौ राजसूय यज्ञों का फल मिलता है। इस परमपुण्यप्रदा एकादशी के विधिवत व्रत से सब पाप भस्म हो जाते हैं तथा व्रती मरणोपरान्त बैकुण्ठ जाता है।
देवउठनी एकादशी को हरि प्रबोधिनी एकादशी या फिर देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। ऐसी मान्यता है कि देवशयनी एकादशी से चार माह के लिए भगवान विष्णु क्षीर सागर में शयन करने जाते हैं। इसके बाद देवउठनी एकादशी के दिन वह फिर से जाग्रत हो जाते हैं।
इस तिथि से ही सारे शुभ काम जैसे, विवाह, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्य होने शुरू हो जाते हैं। एकादशी के दिन शलिग्राम से तुलसी विवाह भी किया जाता है। देवउठनी एकादशी का व्रत करने से एक हजार अश्वमेध यज्ञ करने जितना फल प्राप्त होता है।
इस एकादशी के दिन भक्त श्रद्धा के साथ जो कुछ भी जप-तप, स्नान-दान, होम करते हैं, वह सब अक्षय फलदायक हो जाता है। देवोत्थान एकादशी के दिन व्रतोत्सव करना प्रत्येक सनातनधर्मी का आध्यात्मिक कर्तव्य माना जाता है। व्रत करने वाले उपवास रह कर अथवा फलाहारी रहकर भगवान का नाम जप, पूजन और कीर्तन करते हुए अगले दिन स्नान पूजन के बाद अन्न ग्रहण करते हैं। इस दिन वैष्णव ही नहीं, स्मार्त श्रद्धालु भी बडी आस्था के साथ व्रत करते हैं।
देवउठनी एकादशी की व्रत कथा :
पौराणिक ग्रंथों में सभी एकादशियों का अपना महत्व है। लेकिन कुछ एकादशी विशेष रूप से भाग्यशाली और विशेष फलदायक मानी गयी हैं। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी भी इन्हीं विशेष एकादशियों में से एक होती है। देवोत्थान एकादशी को लेकर कई व्रत कथाएं प्रचलित हैं, परन्तु सबसे पौराणिक कथा निम्न प्रकार है।
पौराणिक कथा
एक बार की बात है माता लक्ष्मी ने भगवान श्री विष्णु से कहा कि प्रभु आप या तो दिन रात जागते रहते हैं या फिर लाखों करोड़ों वर्ष तक सोते रहते हैं और इससे देवताओं और लौकिक प्राणी को आपका आवाहन, भजन, पूजन के लिए कई बार संशय की स्थिति से गुजरना होता है। इसलिये हे नाथ आपको पृथ्वी लोक के एक वर्ष को मानक मान कर अपने विश्राम की अवधि सुनिश्चित कर हर साल नियमित रूप से निद्रा लेनी चाहिये। तब श्री हरि बोले देवी आप ठीक कहती हैं। मेरे शयन और जागने की अनिश्चितता का सबसे अधिक कष्ट आपको ही सहन करना पड़ता है आपको क्षण भर के लिये भी मेरी सेवा करने से फुर्सत नहीं मिलती। आपके कथनानुसार मैं अब से प्रतिवर्ष वर्षा ऋतु में चार मास तक के लिये शयन किया करूंगा ताकि आपको और समस्त देवताओं को भी कुछ अवकाश मिले। मेरी यह निद्रा अल्पकालीन एवं प्रलयकारी महानिद्रा कहलायेगी। मेरी इस निद्रा के दौरान जो भी भक्त भावना पूर्वक मेरी सेवा करेंगें और मेरे शयन व जागरण को उत्सव के रूप में मनाते हुए विधिपूर्वक व्रत, उपवास, फलाहार, पूजन व दान-पुण्य करेंगें, उनके यहां मैं आपके साथ निवास करूंगा।
इस प्रकार चातुर्मास की योग निद्रा के बाद जगत के पालनहार इस एकादशी के दिन से अपनी नियमित व्यवस्था संभाल लेते हैं। सनातन परम्परा के अनुसार इसके बाद गृहस्थ जीवन के सभी शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं। ©तारकेश्वर मिश्र


टिप्पणी लिखें