भारत आर्थिक तबाही की कगार पर, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौती: राहुल गांधी
न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद के दौरान केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा
न्यूयॉर्क/नई दिल्ली, 19 नवंबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि देश आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है। अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों, शिक्षाविदों और प्रोफेसरों के साथ संवाद के दौरान यह बात कही।
छात्रों के साथ सवाल-जवाब सत्र में राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। उन्होंने दावा किया कि खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों के युवा अपने भविष्य को लेकर निराश हैं, क्योंकि उन्हें पढ़ाई के बाद भी रोजगार और बेहतर अवसरों की उम्मीद नजर नहीं आती।
राहुल ने कहा कि युवा अब अपने माता-पिता की पीढ़ी के अनुभवों और करियर संबंधी सलाह पर भी सवाल उठा रहे हैं, क्योंकि उनके अनुसार पहले अपनाए गए रास्तों से आज रोजगार की गारंटी नहीं मिल रही है। उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत बनाने और छोटे-मध्यम उद्योगों तथा कृषि को रोजगार सृजन का आधार बताते हुए सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी के इन बयानों से देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।


टिप्पणी लिखें