केसरिया साड़ी विवाद: मामले की जांच करेगी पश्चिम बंगाल सरकार
कोलकाता के एक स्कूल में शिक्षिका के पहनावे पर सवाल उठाए जाने का आरोप
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री दीपका बर्मन ने कहा है कि वह कोलकाता के एक स्कूल में शिक्षिका के पहनावे पर सवाल उठाए जाने का आरोप की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि एक प्रतिष्ठित ईसाई मिशनरी स्कूल में एक शिक्षिका से केसरिया साड़ी पहनने को लेकर सवाल पूछा गया था। अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो कार्रवाई की जाएगी। यह आरोप कुछ दिन पहले राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने लगाया था। उन्होंने एक कार्यक्रम में दावा किया था कि स्कूल की एक शिक्षिका से उनके ही एक सहकर्मी ने सार्वजनिक रूप से केसरिया साड़ी पहनने को लेकर सवाल किया था और कथित तौर पर कहा था कि संस्थान के अंदर यह रंग स्वीकार्य नहीं है।
मुख्य मंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी कहा है कि अगर आरोप सच पाए जाते हैं, तो राज्य सरकार संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेगी या संस्थान का ‘नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) रद्द कर देगी। मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बर्मन ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि वह इस मामले की जांच करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं कल इस मामले को देखूंगा। अभी मैं मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में कार्यालय से बाहर हूं।” मंत्री ने आगे कहा, “जैसा कि मुख्यमंत्री ने कहा है, आरोपों की पुष्टि की जाएगी और मैं इस मामले को देखूंगा।” मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अगर आरोप साबित होते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने कहा था कि अगर कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई जाती है और आरोप साबित हो जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर संस्थान ऐसी पाबंदियों में शामिल पाया जाता है, तो उसका NOC रद्द किया जा सकता है। उन्होंने कहा था, “मैं जानकारी की पुष्टि करूंगा। अगर यह सच है और किसी व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत आती है, तो उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर संस्थान भी इसमें शामिल है, तो उसका NOC (नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) रद्द कर दिया जाएगा।”
उल्लेखनीय है कि शमिक भट्टाचार्य ने यह भी आरोप लगाया था कि ईसाई मिशनरी संस्थानों में धर्म परिवर्तन हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि “भारत-विरोधी गतिविधियों” में शामिल स्कूलों को काम नहीं करने दिया जाएगा। हालांकि, ‘वेस्ट बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स’ के एक प्रतिनिधि ने कहा है कि ईसाई मिशनरी संस्थानों में स्टाफ सदस्यों के पहनावे पर ऐसी कोई पाबंदी नहीं है। प्रतिनिधि ने यह भी सलाह दी कि किसी एक आरोप को पूरे स्कूल समुदाय पर लागू करके नहीं देखना चाहिए। बर्मन ने भी धर्मांतरण के मामलों में बढ़ोतरी का आरोप लगाया है। शिक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, लेकिन वह ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी जिन्हें वह राष्ट्र-विरोधी मानती है। बर्मन ने कहा, “हम किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन अगर हमारे राज्य और देश में चल रहे स्कूलों से भारत-विरोधी गतिविधियां चलाई जाती हैं, तो हम उन्हें जारी नहीं रहने देंगे।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों – जैसे कालिम्पोंग, आसनसोल और पूर्व बर्धमान – में धर्मांतरण के मामलों में तेजी आई है। साथ ही, उन्होंने कहा कि ईसाइयों द्वारा अपने धर्म का पालन करने पर भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है।


टिप्पणी लिखें