तूफान अक्वान के कारण वृहत्तर कोलकाता में झमाझम, सड़कों पर लगा लंबा जाम
दक्षिण बंगाल में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
कोलकाता : चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akwan) का असर वृहत्तर कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बुधवार की रात से ही दिखने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में रातभर बारिश हुई। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह यह तूफान पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ था। इसके शुक्रवार दोपहर तक दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल में बारिश का असर
IMD के मुताबिक, गुरुवार को उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता और हावड़ा समेत कई इलाकों में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के दूसरे जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
• हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
• कोलकाता और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
• समुद्र में ऊंची लहरें उठने और हालात खराब रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
चक्रवाती तूफान के असर को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है।
बारिश से कोलकाता में लगा जाम

गुरुवार सुबह से ही वृहत्तर कोलकाता में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो दिन चढ़ने के साथ तेज हो गई। सुबह ऑफिस और काम पर जाने के समय बारिश होने से लोगों को परेशानी हुई। हावड़ा और कोलकाता के कई इलाकों के अलावा साल्ट लेक और न्यू टाउन में भी ट्रैफिक जाम लग गया।


टिप्पणी लिखें