वॉयजर 1 ने तय किया 1 लाइट-डे का सफर
करीब 50 साल से अंतरिक्ष में सफर कर रहा नासा का वॉयजर 1 पृथ्वी से एक लाइट-डे की दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान बन गया है। आखिर 1977 में शुरू हुआ यह मिशन क्या था?
क्रमागत विकास की प्रक्रिया में हमारे भीतर जानने की इच्छा विकसित हुई। यही जिज्ञासा इंसानों को जंगलों से निकालकर सभ्यताओं तक ले आई। हमने पहियों का आविष्कार किया, समुद्र पार किए और फिर अपनी नजरें आसमान से आगे अंतरिक्ष पर जमा दीं। चांद तक पहुंचने की इंसानी कोशिश अपोलो मिशन के साथ एक ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंची। हालांकि, इंसान की जिज्ञासा सिर्फ चांद तक सीमित नहीं थी। वह जानना चाहता था कि हमारे सौरमंडल के बाहर क्या है और ब्रह्मांड कितना विशाल है?
इसी तलाश में 1977 में नासा ने वॉयजर मिशन शुरू किया। वॉयजर 1 और वॉयजर 2 को अंतरिक्ष की अनजानी दुनिया का अध्ययन करने के लिए रवाना किया गया था और 18 नवंबर 2026 को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:46 बजे वॉयजर 1 ने अंतरिक्ष में एक ऐतिहासिक पड़ाव हासिल किया। करीब 50 साल से लगातार सफर कर रहा यह अंतरिक्ष यान पृथ्वी से एक लाइट-डे की दूरी पर पहुंचने वाला पहला मानव निर्मित ऑब्जेक्ट बन गया है। इस दौरान पृथ्वी और वॉयजर 1 के बीच की दूरी करीब 25.9 अरब किलोमीटर थी। यानी वॉयजर 1 अब उस दूरी को पार कर चुका है, जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। लगातार आगे बढ़ते इस स्पेसक्राफ्ट ने अपने सफर के दौरान सौरमंडल के ग्रहों और उनके चंद्रमाओं के बारे में वैज्ञानिकों को अहम जानकारियां दी हैं।
वॉयजर 1 का एक लाइट-डे की दूरी तय करना यह नहीं दर्शाता कि वह किसी दूसरे तारे के करीब पहुंच गया है। हमारे सबसे नजदीकी तारा प्रॉक्सिमा सेंटॉरी भी पृथ्वी से 4 प्रकाश वर्ष से अधिक दूर है। वॉयजर 1 फिलहाल Gliese 445 नाम के तारे की दिशा में बढ़ रहा है। वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक करीब 40 हजार साल बाद यह उस तारे के पास से गुजरेगा लेकिन तब भी इसकी दूरी उस तारे से लगभग 1.7 प्रकाश वर्ष होगी।
नासा ने वॉयजर मिशन के तहत दो अंतरिक्ष यान वॉयजर 1 और वॉयजर 2 भेजे थे। इन्हें 5 सितंबर 1977 और 20 अगस्त 1977 को लॉन्च किया गया। दोनों यानों को अलग-अलग रास्तों से सौरमंडल के बाहरी हिस्सों का अध्ययन करने के लिए रवाना किया गया था। इनके जरिए वैज्ञानिकों का लक्ष्य बाहरी ग्रहों के आसपास के वातावरण, चुंबकीय क्षेत्र और अन्य परिस्थितियों के बारे में अध्य्यन करना था। साथ ही वैज्ञानिक हेलियोपॉज का पता लगाना चाहते थे, जो सूर्य के प्रभाव वाले क्षेत्र हेलियोस्फियर की बाहरी सीमा है। हेलियोस्फियर सूर्य से निकलने वाले कणों और चुंबकीय क्षेत्र से बनी एक सुरक्षा जैसा बुलबुलाकार घेरा है। हेलियोपॉज पार करने के बाद यान इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष में पहुंचते हैं। वॉयजर 1 और वॉयजर 2 ने इस सीमा को 2012 और 2018 में पार किया था।
वॉयजर 1 की यह यात्रा सिर्फ अंतरिक्ष में दूरी तय करने की कहानी नहीं है बल्कि इंसान की खोज करने की क्षमता और वैज्ञानिक सोच का प्रतीक भी है। करीब पांच दशक पहले पृथ्वी से रवाना हुआ यह छोटा-सा अंतरिक्ष यान आज भी हमें ब्रह्मांड के बारे में समझने का मौका दे रहा है। आने वाले समय में भले ही इसकी बैटरी खत्म हो जाए और पृथ्वी से इसका संपर्क टूट जाए लेकिन इसका सफर जारी रहेगा। शायद हजारों साल बाद भी वॉयजर 1 अंतरिक्ष में कहीं आगे बढ़ रहा होगा। अपने साथ पृथ्वी की आवाजें, तस्वीरें और इंसानियत का संदेश लिए हुए।


टिप्पणी लिखें