मुख्य सामग्री पर जाएँ
उत्तर प्रदेश

संगम क्षेत्र में देव दीपावली की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक

टिप्पणियाँ 0

दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जगमगाएंगे प्रमुख चौराहे और पुल, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष जोर

प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली पर्व भव्य एवं दिव्य रूप में मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिलाधिकारी ने कहा कि देव दीपावली के मुख्य आयोजन संगम क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। दीपों को व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से जलाने के लिए सेक्टरवार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोजन में जिला प्रशासन के साथ सिविल डिफेंस, एनसीसी और अन्य संगठनों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस सहित सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस विभाग को भीड़ प्रबंधन, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन वाहन तैनात रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मार्गों पर साइनेज लगाने और पार्किंग के लिए व्यवस्थित प्लान तैयार करने को कहा गया।

रोशनी से जगमगाएंगे प्रमुख चौराहे और पुल
विद्युत विभाग, प्रयागराज विकास प्राधिकरण और नगर निगम को मुख्य आयोजन स्थल पर आकर्षक विद्युत सजावट एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए मेला एवं विकास प्राधिकरण को जनरेटर की व्यवस्था करने को कहा गया। एनएचएआई के अधिकारियों को पुलों पर लाइटिंग कराने के निर्देश दिए गए।

साफ-सफाई, पेयजल और मोबाइल शौचालय की होगी व्यवस्था
नगर निगम को संगम क्षेत्र सहित प्रमुख चौराहों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पानी के टैंकर और मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने विभाग की तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने पारंपरिक आयोजनों को भव्यता प्रदान करने के साथ ही आमजन के सुझाव और सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि देव दीपावली का आयोजन श्रद्धा, दिव्यता और आकर्षण का विशेष केंद्र बन सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे सहित पुलिस, मेला एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *