मुख्य सामग्री पर जाएँ
उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में रिंग रोड के दूसरे फेज की तैयारी तेज

टिप्पणियाँ 0

प्रयागराज : तीर्थों के राजा प्रयागराज में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर के बाहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए रिंग रोड के दूसरे फेज की तैयारी तेज हो गई है। इस चरण में गंगा और यमुना पर एक-एक फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके साथ ही यातायात के निर्बाध संचालन के लिए 54 अंडरपास, चार फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी होगा। करीब 41.662 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 5000 से 6200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण अगले वित्तीय वर्ष में शुरू कर दिया जाएगा।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इनर रिंग रोड के दूसरे फेज की कार्ययोजना तैयार कर ली है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने प्रारंभिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी है। एनएनएआई के एक अधिकारी ने बताया कि यह मार्ग सोरांव तहसील के एनएच-19 के पास माधोपुर गांव से करछना तहसील के अमिलिया गांव तक प्रस्तावित है। इसके दायरे में 41 गांव आएंगे।

परियोजना के लिए करीब 321 हेक्टेयर यानी 1284 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। लगभग 6700 काश्तकारों की जमीन ली जाएगी। रिंग रोड के दूसरे फेज में यमुना पर 1200 मीटर और गंगा पर 3500 मीटर लंबा फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा 54 अंडरपास दो चरणों में तैयार होंगे। पहले चरण में 33 और दूसरे चरण में 21 अंडरपास बनाए जाएंगे। चार फ्लाईओवर और आरओबी भी प्रस्तावित हैं। रिंग रोड के दूसरे फेज के पूरा होने से शहर के बाहरी हिस्सों में यातायात सुगम होगा और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *