युवाओं के साथ CM शुभेंदु ने भी किया हनुमान चालीसा का पाठ
कोलकाता में हजारों युवाओं के साथ सीएम शुभेंदु अधिकारी ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और पूर्ववर्ती ममता सरकार पर हमला बोला। इसके बाद टीएमसी के भी सनातन को लेकर सुर बदल गए हैं।
कोलकाता : वर्तमान सरकार और राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए पश्चिम बंगाल में भी माहौल अब भगवामय हो रहा है, मंगलवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में हजारों नौजवानों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। रामानन्द मिशन और महाराजा अग्रसेन धाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को नाम दिया गया था ‘सनातन वाइब्स’ हनुमान चालीसा का पाठ करने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी पहुंचे, बजरंग बली की आरती से प्रोग्राम शुरू हुआ। इसके बाद स्टेडियम में मौजूद हजारों नौजवानों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। शुभेंदु अधिकारी ने भी इसमें स्वर मिलाया।

शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा
इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत के महत्व को समझ रहे हैं, उन्हें कोई शक नहीं है कि देश के नौजवान ही 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने अपील की…कहा कि आजकल कुछ सनातन विरोधी ताकतें एक्टिव हुई हैं, युवाओं की जिम्मेदारी है कि वो ऐसी आसुरी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब दें।
इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और वामपंथी दलों पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पिछले पचास साल में बंगाल को सनातन विरोधियों का अड्डा बना दिया गया था। महाकुंभ को मृत्युकुंभ कहा जाता था, काली मां का अपमान किया जाता था। लेकिन अब बंगाल में ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी, अब सनातन का अपमान करने वालों की जगह जेल में होगी। पश्चिम बंगाल के मंत्री इंद्रनील खान ने भी ऐसे आयोजन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने सनातन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंका है, इसलिए अब बंगाल में जगन्नाथ पूजा भी हो रहा है और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जा रहा है।
यह आयोजन जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के घोषित उत्तराधिकारी पूज्य श्री आचार्य रामचंद्र दास जी महाराज के आध्यात्मिक नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बंगाल भाजपा के कई मंत्री, विधायक, नेता और गणमान्य समाजसेवी उपस्थित हुए। आयोजन की व्यवस्था में महाराजा अग्रसेन धाम की ओर से बंगाल एनर्जी के ओम जालान, निर्मल सराफ, अनिल केडिया, गोपाल नरेडी, बजरंग अग्रवाल, डाक्टर सावर धनानिया, सोमकांत शर्मा, गोल्डन गोयनका ग्रुप के गिरधारी लाल गोयनका व राजीव गोयनका, कुशल भारत ग्रुप के कुशल अग्रवाल और सोमनाथ अदुकीया आदि शामिल थे। आयोजन में विभिन्न शिक्षा प्रतिष्ठानों के लगभग 7000 छात्र- छात्राएं एवं राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 2000 प्रतिनिधि उपस्थित हुए।
सनातन को लेकर बदले टीएमसी के सुर
सबसे दिलचस्प बात ये है कि सनातन को लेकर अब तृणमूल कांग्रेस के भी सुर बदलने लगे हैं। बंगाल के बदले राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए अब तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का रंग भी बदलने लगा है। कुणाल घोष ने कहा कि वो सनातन के खिलाफ नहीं हैं, वो खुद सनातनी प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष हैं। कुणाल घोष ने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ कोई बुरी बात नहीं है, कोई इसका विरोध नहीं करता। लेकिन बंगाल में जिस तरह सनातन के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश हो रही है, वो ठीक नहीं है।


टिप्पणी लिखें