मुख्य सामग्री पर जाएँ
अंतर्राष्ट्रीय

भारत को 2027 के लिए ‘डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर’ चुना गया

टिप्पणियाँ 0
कोलकाता : पिछले सप्ताह ‘ट्रैवल + लीज़र’ (Travel + Leisure) पत्रिका ने भारत को 2027 के लिए ‘डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर’ (साल का बेहतरीन पर्यटन स्थल) चुना है और इसको लेकर दुनिया के लगभग सभी विकसित और विकासशील देशों के पर्यटकों की निगाह भारतीय पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी एकत्र करने पर टिक गई हैं। माना जाता है कि पत्रिका विभिन्न स्तर पर बहुत ही बारीकी से शोध के बाद पर्यटकों का किसी डेस्टिनेशन के बारे में मार्गदर्शन करती है और पर्यटक उसके सुझाव का लाभ भी उठाते हैं। पिछले दो दशकों में पूरी दुनिया में पर्यटन उद्योग का क्षेत्र काफी तेज गति से फल-फूल रहा है और इसका लाभ भारत को भी मिल रहा है। अब इस नए अवसर से भारत को और भी लाभ मिलने की उम्मीद की जा सकती है।

भारत के पर्यटन क्षेत्र में लगतार हो रही वृद्धि में घरेलू यात्रियों की भी मुख्य भूमिका है। हाल ही के सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024 में देश में लगभग 2.95 अरब घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 17.5% अधिक है। कुल मिलाकर, वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम के ‘ट्रैवल एंड टूरिज़्म डेवलपमेंट इंडेक्स 2026’ में भारत 31वें स्थान पर है, जो 2024 के मुकाबले 8 स्थान ऊपर है। पिछले वर्ष भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों में 43% महिलाएं थीं। यह पश्चिम के कुछ लेखकों द्वारा बनाई गई भारत की उस छवि के बिल्कुल उलट है, जिसमें इसे महिला यात्रियों के लिए एक मुश्किल जगह बताया जाता रहा है।

13वीं सदी के फारसी विद्वान ज़कारिया अल-क़ज़वीनी ने कभी भारत की यात्रा नहीं की थी। लेकिन उन्होंने अपनी प्रसिद्ध कृति ‘द वंडर्स ऑफ क्रिएशन एंड रेयरिटीज ऑफ एक्ज़िस्टेंस’ (सृष्टि के अजूबे और अस्तित्व की दुर्लभ चीजें) में भारत का जिक्र किया है। इसमें उन्होंने एक ऐसी दूर की जगह का वर्णन किया है, जो “बेहद दुर्लभ और अनोखी चीजों” से भरी हुई है। ‘लंदन रिव्यू ऑफ बुक्स’ में हेलेन फ़िफ़र लिखती हैं कि अल-क़ज़वीनी के लिए ‘आश्चर्य’ (wonder) केवल एक भावना नहीं थी, बल्कि दुनिया को समझने और ज्ञान प्राप्त करने का एक बौद्धिक तरीका था।

वैश्विक स्तर पर भारत की छवि हमेशा से एक ऐसी जगह की रही है, जो असाधारण समृद्धि, आध्यात्मिकता, रीति-रिवाजों, रंग बिरंगे उत्सवों और प्रकृति की विविधताओं से भरी है। भारत में यात्रा करने का मतलब अलग-अलग सामाजिक रीति-रिवाजों से रूबरू होना भी हो सकता है। इसी वजह से दूर से देखने पर भारत को लेकर एक खास तरह की धारणा बन गई है। पत्रिका द्वारा मिली इस पहचान से, एक पर्यटन स्थल के रूप में भारत का आकर्षण और भी बढ़ेगा। ऐसे में भारतीय पर्यटन उद्योग से जुड़े सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों को इस सुनहरे अवसर का भरपूर लाभ उठाने की पूरी तैयारी करने की आवश्यकता है, जिससे कि भारत आने वाले लोगों की जो उम्मीदें होती हैं, वे यहाँ आने के बाद मिलने वाले वास्तविक अनुभवों से अलग नहीं हों।
टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *