मुख्य सामग्री पर जाएँ
कोलकाता

मुख्यमंत्री के नाम पर छह करोड़ की वसूली, भाजपा नेता गिरफ्तार

टिप्पणियाँ 0

मुख्य बातें :

  1. सरकारी नौकरी और चुनाव टिकट की सौदेबाजी
  2. शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर 6 करोड़ की ठगी
  3. CM के आदेश पर आरोपी भाजपा नेता गिरफ्तार

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के छह महीने बीतते ही सत्तारूढ़ भाजपा के कुछ नेताओं के द्वारा तोलाबाजी और अवैध तरीके से कमाई करने की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अब एक नया मामला मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर कथित तौर पर ठगी और वसूली करने का सामने आया है।

मुख्यमंत्री के गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में भाजपा के एक मंडल उपाध्यक्ष को करीब छह करोड़ रुपये की वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित का नाम अभिजीत करण है। वह नंदकुमार-1 मंडल कमेटी के उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिजीत पर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से पैसे लेने का आरोप है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिलाने का प्रलोभन देकर भी कई नेताओं से वसूली का आरोप है।

शिकायत सामने आने के बाद खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

शिकायत करने वाले एक भाजपा नेता का आरोप है कि अभिजीत करण ने विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनवाने का भरोसा देकर उनसे 12 लाख रुपये लिए थे। यह रकम कोलकाता के एक होटल में दी गई थी। हालांकि, बाद में उन्हें टिकट नहीं मिला और उनकी रकम भी वापस नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि खंची इलाके के एक अन्य भाजपा नेता से भी इसी तरह करीब छह लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि अभिजीत मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर भी लोगों को प्रभावित करता था और इसी आधार पर वसूली करता था।

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित भाजपा नेता ने पूर्व मेदिनीपुर के नंदकुमार थाने में अभिजीत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के कुछ निचले स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वसूली तथा जमीनों पर कब्जे के लगातार आरोप सामने आ रहे हैं। इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दे चुके हैं। अब मुख्यमंत्री का नाम लेकर कथित वसूली का यह मामला सामने आने पर कुछ और भी खुलासे होने की संभावना है।

टिप्पणी लिखें

टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *