छठ पूजा के खिलाफ बोलने वालों को मुख्यमंत्री का करारा जवाब
उदित हो रहे सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ ही छठ व्रत – पूजन सम्पन्न
मुख्य बातें :
- कल्याण बनर्जी ने बंगाली अस्मिता और पीढ़ी को खत्म होने का डर जताया
- राज ठाकरे ने मुंबई में छठ पूजा को राजनीतिक तनाव पैदा करने वाला कहा
- ‘छठ केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं, बंगाल में एक करोड़ से अधिक लोग करते हैं पूजा’, बोले सीएम शुभेंदु
कोलकाता : उदित हो रहे सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था का त्योहार चार दिवसीय छठ पर्व सोमवार को धूमधाम से सम्पन्न हो गया। इस बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने बंगाली अस्मिता और पीढ़ी को खत्म होने का डर जताते हुए, मौजूदा बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और साथ ही बिहारियों (छठ पूजा करने वालों) को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने भी मुंबई में छठ पूजा को लेकर भाजपा पर राजनीतिक तनाव पैदा करने का आरोप लगाया था। ठाकरे ने इसे मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश बताया था।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज ठाकरे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी के छठ पूजा पर दिए बयानों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि छठ केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। रविवार को हावड़ा के रामकृष्णपुर गंगा घाट पर छठ पूजा में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू त्योहारों को भाषा और क्षेत्र के आधार पर बांटने की कोशिश संकीर्ण और पिछड़ी मानसिकता का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव, रामनवमी और छठ पूजा किसी एक राज्य या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये पूरे देश की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में एक करोड़ से अधिक लोग पूरी श्रद्धा के साथ इस पर्व को मना रहे हैं। इसमें केवल हिंदी भाषी ही नहीं, बल्कि विभिन्न भाषाई समुदायों के लोग भी शामिल हैं। छठ पूजा पर मुख्यमंत्री ने लॉन्च से हावड़ा व कोलकाता में गंगा किनारे विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया और छठ पूजा में हिस्सा लिया। शुभेंदु ने आगे कहा कि कुछ लोग गणपति उत्सव को केवल मराठियों, छठ को बिहार के लोगों और रामनवमी को उत्तर प्रदेश तक सीमित बताने की कोशिश करते हैं। ऐसा वोट बैंक की राजनीति और तुच्छ मानसिकता के कारण किया जाता है। हालांकि, जनता ने ऐसी कोशिशों को नकार दिया है।
देश में अलग-अलग परंपराएं हैं, लेकिन अंत में हम सभी भारतीय हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्गापूजा, कालीपूजा और दीपावली की तरह छठ पूजा के लिए भी राज्य प्रशासन की तरफसे व्यापक इंतजाम किए गए। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए। तटरक्षक बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया। सात दिन पहले ही प्रत्येक जिले में एक मंत्री को तैयारियों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
‘बंगाल बंगालियों या बिहारियों का?’
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि भाजपा और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से ‘कट्टरपंथी’ गैर बंगाली भाषी लोगों की वजह से पश्चिम बंगाल में बंगालियों को दूसरे दर्जे का नागरिक बना दिया गया है। कल्याण बनर्जी ने यह बातें तब कहीं, जब हवाड़ा रेलवे स्टेशन को छठ पूजा के मौके पर सजाया गया। इस पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि दुर्गा पूजा पर हावड़ा रेलवे स्टेशन को इसी तरह क्यों नहीं सजाया जाता है। साथ ही उन्होंने बिहार के लोगों को लेकर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि बंगाल बंगालियों के लिए है कि उग्र बिहारियों के लिए।
क्या पश्चिम बंगाल में बंगाली हैं?: कल्याण बनर्जी
कल्याण ने कहा, ‘क्या पश्चिम बंगाल में बंगाली हैं? क्या बंगाल बंगालियों के लिए या उग्र बिहारियों के लिए है?’ बनर्जी ने आगे कहा कि सनातन धर्म के नाम पर बंगालियों को हशिये पर धकेला जा रहा है। उनकी जगह दूसरे समुदायों को बढ़ावा दिया जा रहा है।’ कल्याण ने आरोप लगाया कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या बंगाली यात्री हावड़ा स्टेशन पर आते हैं। उनके लिए ऐसी व्यवस्था नहीं की जाती है। पश्चिम बंगाल में बंगाली अब दूसरे दर्ज के नागरिक बन गए हैं। आने वाले दिनों में उनकी स्थितित और खराब हो सकती है।
लोगों के साथ दुर्व्यवहार का मामला आया सामने
इससे पहले बनर्जी ने एक सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इसमें दावा किया कि सॉल्ट लेक के पास एक एग्जामिनेशन सेंटर पर बंगाली लोगों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। वहां एक बंगाली व्यक्ति से उसकी पहचान और मूल स्थान को लेकर सवाल पूछे गए और अपशब्द बोले गए। कल्याण ने दावा किया कि राज्य में गैर बंगालियों का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अचानक हर जगह बिहारियों का कब्जा हो गया है। हर जगह गैर बंगालियों का कब्जा हो गया है। यहां तक की कलकत्ता हाईकोर्ट में भी वकीलों के तौर पर गैर बंगालियों का कब्जा हो रहा है। कल्याण ने चेतावनी दी कि अगर आने वाले वक्त में यही स्थिति बनी रही, तो पूरी बंगाल की पीढ़ी खत्म हो जाएगी।


टिप्पणी लिखें