कोलकाता में आयोजित होगा ‘इंडिया एनर्जी वीक’ का 5वां संस्करण

जुटेंगे 75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवर और 700 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों

कोलकाता। देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन का मंच ‘इंडिया एनर्जी वीक’ के 5वें संस्करण की मेजबानी पहली बार बंगाल को मिली है और अगले साल जनवरी में कोलकाता में जुटेंगे वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र के दिग्गज। आगामी 28 से 31 जनवरी 2027 तक पहली बार कोलकाता में न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में 75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवर और 700 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कोलकाता में आयोजित इसके पूर्वावलोकन (कर्टेन रेजर) कार्यक्रम में कहा कि इंडिया एनर्जी वीक- 2027 पिछले संस्करणों से और बड़े स्वरूप में होगा। उन्होंने दावा किया कि आयोजन से करीब पांच महीने पहले ही लगभग 17 हजार वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र की बुकिंग हो चुकी है।
केंद्रीय मंत्री पुरी और बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने संयुक्त रूप से कोलकाता को इंडिया एनर्जी वीक 2027 का मेजबान शहर घोषित किया। इस बार का विषय ‘अनलाकिंग इनोवेशन, सिक्योरिंग एनर्जी, शेपिंग टुमारो’ यानी नवाचार को बढ़ावा, ऊर्जा सुरक्षा और भविष्य का निर्माण रखा गया है।
नई प्रौद्योगिकियों पर होगा मंथन
पेट्रोलियम मंत्रालय के संरक्षण में होने वाला यह आयोजन वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा तथा नई प्रौद्योगिकियों पर मंथन का बड़ा मंच बनेगा। पुरी ने कहा कि 2023 में बेंगलुरु से शुरू हुए इंडिया एनर्जी वीक का आकार तेजी से बढ़ा है। पहले संस्करण में 35 हजार से अधिक प्रतिभागी, 326 प्रदर्शक और 60 सत्र थे। वहीं, 2026 में गोवा में आयोजित चौथे संस्करण में 75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवर, 700 से ज्यादा कंपनियां, 120 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 6,500 से ज्यादा सम्मेलन प्रतिनिधि शामिल हुए।
पिछले संस्करण में संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, नीदरलैंड, ओमान सहित विभिन्न देशों के 17 मंत्री और उपमंत्री भी शामिल हुए थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2027 में पहली बार इसे पूर्वी भारत में आयोजित करने से इस क्षेत्र के उद्योगों, संस्थानों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को वैश्विक कंपनियों तथा निवेशकों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
सम्मेलन में तेल एवं गैस, एलएनजी, रिफाइनिंग, पेट्रोकेमिकल, हाइड्रोजन, जैव ईंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित ऊर्जा क्षेत्र की उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष जोर रहेगा।
बंगाल में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे
केंद्रीय मंत्री पुरी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता को आयोजन के लिए चुनने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय और सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इंडिया एनर्जी वीक का सफल आयोजन बंगाल में नए निवेश को आकर्षित करने, मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार और रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद करेगा। कार्यक्रम में बंगाल के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता, उद्योग मंत्री तापस राय सहित पेट्रोलियम क्षेत्र की देश की सभी प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *