शुभेंदु सरकार ने किया 23 IPS अधिकारियों का तबादला

“अपराध के खिलाफ कड़ा प्रहार” की तैयारी


कोलकाता : लगभग चार महीने पश्चिम बंगाल में सत्ता संभालने वाली भाजपा की सरकार ने पहली बार बड़े पैमाने पर उच्च पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। राज्य के गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष पदों पर नियुक्त करके मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के “अपराध के खिलाफ कड़ा प्रहार” वाली मंशा को पूरा करने का संकेत दिया गया है।


ताजा तबादलों के तहत कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेंद्र प्रकाश सिंह को उत्तर बंगाल में इंटेलिजेंस ब्रांच (आईबी) का महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। वहीं, कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) सूर्य प्रताप यादव को राज्य पुलिस की आईबी में उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है। कोलकाता पुलिस के एनफोर्समेंट ब्रांच के उपायुक्त (डीसी) स्पर्शा नीलांगी को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) का नया डीसी नियुक्त किया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के आईजी रहे सुधीर कुमार नीलकंठम को कोलकाता पुलिस का नया अतिरिक्त आयुक्त बनाया गया है।


कोलकाता को मिला नया ज्‍वाइंट सीपी-ट्रैफिक

राज्य पुलिस की आईबी में डीआईजी रहे भोलानाथ पांडे को कोलकाता पुलिस का नया संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) नियुक्त किया गया है। इसी तरह, राज्य पुलिस में डीआईजी (सिक्योरिटी) के पद पर तैनात सुखेंदु हीरा को कोलकाता पुलिस का संयुक्त आयुक्त (सिक्योरिटी) बनाया गया है। पश्चिम बंगाल पुलिस क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (डब्ल्यूबीसीआरबी) की आईजी रहीं नीलू शेरपा को पश्चिम बंगाल पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (डब्ल्यूबीपीएचआईडीसी) का आईजी नियुक्त किया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस होमगार्ड के पूर्व आईजी शंका शुभ्रा चक्रवर्ती को डब्ल्यूबीसीआरबी का नया आईजी बनाया गया है।

विधाननगर पर विशेष नजर रखने की तैयारी
डब्ल्यूबीपीएचआईडीसी के पूर्व डीआईजी देबर्षि दत्ता को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में संयुक्त आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। पश्चिम बंगाल सशस्त्र पुलिस बल की 10वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर नीमा नरबू भूटिया को पश्चिम बंगाल पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) में विशेष पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। राज्य पुलिस की इंटेलिजेंस ब्रांच के पूर्व विशेष पुलिस अधीक्षक धृतिमान सरकार को मालदा जिले में सीआईडी का नया विशेष पुलिस अधीक्षक बनाया गया है

राज्य पुलिस में भी फेरबदल
इसके अलावा पूर्णिमा शेरपा को कालिम्पोंग की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जबकि अभिषेक रॉय को बीरभूम का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। अधिसूचना के अनुसार मानवेंद्र दास को माथाभांगा का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कुणाल बरनाबास को मालदा ग्रामीण का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। ये चारों अधिकारी पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा कैडर से हैं। ताजा फेरबदल के साथ राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस के कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती हुई है। अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था के विभिन्न हिस्सों में लागू होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *