कोलकाता, हावड़ा नगर निगम और पाँच पालिकाओं के चुनाव की तैयारी में आई तेजी

पश्चिम बंगाल के सात शहरी नगर निकायों के आरक्षित वार्डों की सूची अगले महीने जारी की जाएगी। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और हावड़ा नगर निगम (एचएमसी) के आरक्षित वार्डों की घोषणा से संबंधित अधिसूचना 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी।


कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से राज्य के नगर निकायों के चुनाव शीघ्र कराने के निवेदन को ध्यान में रखकर चुनाव आयोग ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। राज्य के शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण में कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों तथा पांच नगरपालिकाओं के चुनाव होने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी। आयोग ने जिलाधिकारियों और जिला नगरपालिका निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बाद में आयोग ने बताया कि पहले चरण में कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों के अलावा बाली, कलिम्पोंग, कर्सियांग, धुपगुड़ी और हल्दिया नगरपालिकाओं में चुनाव हो सकते हैं।

चुनाव आयोग ने कहा कि अंतिम निर्णय और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा कि कोलकाता नगर निगम अधिनियम, 1980 और हावड़ा नगर निगम अधिनियम, 1980 की अनुसूची-2 में संशोधन का काम पूरा हो चुका है। साथ ही, कलिम्पोंग, दार्जिलिंग, धुपगुड़ी, हल्दिया और झाड़ग्राम नगरपालिकाओं के परिसीमन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *