जोड़ासांको विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी प्रत्याशी विजय उपाध्याय के समर्थन में जनसभा, समर्थकों में जबरदस्त उत्साह

कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जोड़ासांको विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में जोड़ासांको से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रत्याशी विजय उपाध्याय के समर्थन में वार्ड 22 के अध्यक्ष बरुण मलिक के नेतृत्व में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि क्षेत्र में विजय उपाध्याय के प्रति व्यापक जनसमर्थन और उत्साह है।
जनसभा में उपस्थित लोगों ने टीएमसी प्रत्याशी विजय उपाध्याय के पक्ष में खुलकर समर्थन व्यक्त किया और विश्वास जताया कि वे भारी मतों से विजयी होंगे। इस अवसर पर टीएमसी ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राजीव तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कुशल नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और टीएमसी की जनहितकारी नीतियों के कारण जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करें।
सभा में समाजसेवी सुशील कोठारी एवं अवध समाज के प्रतिनिधि टी.एन. दुबे की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। जनसभा के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लेने का संकल्प लिया, ताकि टीएमसी प्रत्याशी विजय उपाध्याय की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *