हावड़ा। ममता बनर्जी ने शनिवार, 18 अप्रैल को हावड़ा शहर में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में एक भव्य रोड शो किया। यह रोड शो हावड़ा मैदान से शुरू होकर हावड़ा एसी मार्केट, पिलखाना होते हुए सीईएससी तक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे पहले से मौजूद रहे और ‘दीदी’ की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर और अभिवादन स्वीकार कर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
यह रोड शो तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों—अरूप राय (मध्य हावड़ा), गौतम चौधरी (उत्तर हावड़ा), नंदिता चौधरी (दक्षिण हावड़ा), डॉ. राणा चटर्जी (शिबपुर) और कैलाश मिश्रा (बाली) के समर्थन में आयोजित किया गया था। इस दौरान हावड़ा से सांसद प्रसून बनर्जी और प्रसिद्ध गायिका इमॉन चक्रवर्ती सहित कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
इसके बाद हावड़ा के उलूबेड़िया क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित न हो पाना भाजपा की विफलता को दर्शाता है और इसी के साथ उसका “पतन” शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा अब अपने दम पर बहुमत हासिल करने में असफल रही है और सहयोगी दलों के सहारे ही सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने कहा, “भाजपा का पतन शुरू हो गया है। हमने उसे पराजित कर दिया है। वह अब दूसरों के समर्थन से ही सरकार चला रही है।”
परिसीमन के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी देश को “बांटने” की कोशिश कर रही है। ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने में अन्य दलों से आगे है। उन्होंने बताया कि लोकसभा में पार्टी के 36 प्रतिशत और राज्यसभा में 46 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा, “तृणमूल जैसी कोई दूसरी पार्टी नहीं है। भाजपा को हमसे सीखना चाहिए। मैं 1998 से महिला आरक्षण के लिए संघर्ष कर रही हूं।” साथ ही उन्होंने भाजपा के लिए काम करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह पार्टी केंद्र में लंबे समय तक सत्ता में नहीं रह पाएगी। रोड शो और सभा के दौरान पूरे हावड़ा में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और तृणमूल समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हावड़ा में ममता बनर्जी का भव्य रोड शो, महिला आरक्षण मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना












Leave a Reply