राजस्थान ब्राह्मण भवन, बड़ा बाजार में उमड़ा जनसैलाब, हिंदी भाषी मतदाताओं का भी जोरदार समर्थन

कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जोड़ासाकू विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रत्याशी विजय उपाध्याय के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में 18 अप्रैल को बड़ा बाजार स्थित राजस्थान ब्राह्मण भवन में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। सभा में हिंदी भाषी मतदाताओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। पूरा सभागार खचाखच भरा रहा और उपस्थित लोगों ने विजय उपाध्याय की जीत का भरोसा जताते हुए समर्थन का संकल्प दोहराया।
इस दौरान लोगों ने 29 अप्रैल को होने वाले मतदान में एकजुट होकर विजय उपाध्याय के पक्ष में मतदान करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों को भी टीएमसी के समर्थन में मतदान के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि विजय उपाध्याय भारी मतों से विजयी होकर नया रिकॉर्ड स्थापित कर सकें और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व को मजबूत कर सकें।
इस अवसर पर विजय उपाध्याय ने कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरेंगे और क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि टीएमसी के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी के निर्देशों का पालन कर रहे हैं, जो संगठन की मजबूती को दर्शाता है।
टीएमसी के फाउंडर मेंबर स्वपन बर्मन ने विजय उपाध्याय को जनसेवा से जुड़ा समर्पित नेता बताते हुए कहा कि उनके 10 वर्षों के पार्षद कार्यकाल की तुलना विपक्षी उम्मीदवार के 15 वर्षों से की जाए, तो विकास के मामले में विजय उपाध्याय का कार्यकाल अधिक प्रभावी रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता सब कुछ समझती है और आगामी चुनाव में टीएमसी को भारी समर्थन मिलेगा।
स्वपन बर्मन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए गुजरात की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मोदी जी एवं अमित शाह जी गुजरात से ही आते हैं, ऐसे में उनसे पूछा जाना चाहिए कि मोरबी समेत कई इलाकों में गैस आपूर्ति लंबे समय से बाधित क्यों है, गांव-गांव में पानी की किल्लत क्यों बनी हुई है और भारी बिजली कटौती क्यों हो रही है—इनका जवाब कौन देगा? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि गुजरातियों के प्रमुख त्योहार डांडिया को सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर रात 11 बजे के बाद क्यों रोक दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जब उनके अपने ही गृह राज्य में ऐसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, तो जनता अब सवाल पूछ रही है। इसके विपरीत बंगाल में 24 घंटे बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध है तथा ममता बनर्जी सरकार में पूरी रात सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक आयोजित होते हैं। यही कारण है कि यहां की जनता तृणमूल कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।
सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में विजय उपाध्याय के समर्थन में नारे लगाए और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस जनसभा को सफल बनाने में समाजसेवी राजेंद्र पाण्डेय, कृपा शंकर दुबे, संतोष सिंह विक्की, पिंटू पाण्डेय, मनोज कुमार पाण्डेय, विनोद दुबे, शिवकुमार सोनकर, गुलाब दुबे, विश्वनाथ साव, गंगासागर पाण्डेय, लाली छांगड़ी, मोहन पाण्डेय, शिबू सोनकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *