कोलकाता, 11 अप्रैल 2026 प्रसिद्ध समाजसेवी, उद्योगपति, शिक्षाविद् एवं दानवीर श्री सरदारमल जी कांकरिया का आज प्रातः 1:49 बजे निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से जैन समाज, शिक्षा जगत के साथ- साथ संपूर्ण समाज में गहरे शोक की लहर व्याप्त हो गई । श्री सरदारमल जी का परलोकगमन संपूर्ण मानवता के लिए एक अपूरणीय क्षति है ।
श्री सरदारमल जी कंकरिया श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन सभा (श्री एस.एस. जैन सभा) के चेयरमैन इमेरिटस के रूप में लंबे समय तक समाज का मार्गदर्शन एवं प्रतिनिधित्व करते रहे। वे कोलकाता के श्री जैन विद्यालय के मार्गदर्शक, शुभचिंतक एवं अभिभावक थे। श्री कांकरिया हावड़ा स्थित श्री जैन विद्यालय (बालक एवं बालिका) के भी वे प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक रहे ।
शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में उनका अप्रतिम योगदान अत्यंत उल्लेखनीय और प्रेरणादायक रहा है । उन्होंने श्री जैन अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर की स्थापना कर स्वास्थ्य सेवाओं को जनसामान्य तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । साथ ही काशीपुर में कॉलेज, बी. एड कॉलेज, डेंटल कालेज एवं राजेरहाट में एस.पी.के. जैन फ्यूचरिस्टिक एकेडमी तथा समाज के उत्थान हेतु अनेक अन्य सैकड़ों संस्थाओं के सफल संचालन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
वे जीवनपर्यंत समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को जनसुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उनकी दूरदर्शिता, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा भावना से हजारों विद्यार्थी एवं जरूरतमंद लोग लाभान्वित हुए ।
श्री सरदारमल जी कांकरिया के निधन से जैन समाज ही नही वरन समाज के सभी वर्गों और सकल मानवता को गहरा आघात पहुँचा है । समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उनके प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को सदैव स्मरण रखने और अंगीकार करने का संकल्प व्यक्त किया ।












Leave a Reply