आज भाजपा राज्य मुख्यालय, 6 मुरलीधर सेन लेन में नेता प्रतिपक्ष एवं नंदीग्राम और भवानीपुर के भाजपा प्रत्याशी श्री सुवेंदु अधिकारी ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में उन्होंने दक्षिण 24 परगना के गोसाबा ब्लॉक सहित सुंदरबन क्षेत्र के कई तृणमूल कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के उपाध्यक्ष अनिमेष मंडल सहित पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत के कई वर्तमान जनप्रतिनिधि तथा तृणमूल कांग्रेस के विभिन्न स्तरों के नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाक्रमों के परिणामस्वरूप गोसाबा ब्लॉक में तृणमूल कांग्रेस लगभग शून्य हो गई है और सुंदरबन क्षेत्र में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है।
उन्होंने आगे बताया कि आने वाले दिनों में गोसाबा में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति की अपेक्षा है।
पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने राशन घोटाले को स्वतंत्रता के बाद का सबसे बड़ा वित्तीय घोटालों में से एक बताया और कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ जांच एवं गिरफ्तारियां पहले ही हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस भ्रष्टाचार में सत्तारूढ़ दल के शीर्ष स्तर के नेताओं की संलिप्तता है।
मतदाता सूची शुद्धिकरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मृत, फर्जी एवं एकाधिक नाम वाले मतदाताओं को हटाया जा रहा है और यह एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है और आम जनता में भय उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है।
कानून-व्यवस्था की स्थिति पर उन्होंने अतीत की हिंसक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय बलों की भूमिका पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संपन्न होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि रोजगार के अभाव में बड़ी संख्या में युवाओं को राज्य के बाहर काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो राज्य की आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में राजनीतिक परिवर्तन के पक्ष में जनमत बन रहा है और आगामी चुनावों में इसका स्पष्ट प्रतिबिंब देखने को मिलेगा।












Leave a Reply