मध्य हावड़ा सीट से तृणमूल प्रत्याशी अरूप राय ने भरा नामांकन

हावड़ा। मध्य हावड़ा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अरूप राय ने सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा।
सुबह तृणमूल कांग्रेस के मध्य हावड़ा पार्टी कार्यालय से एक भव्य रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई डीएम कार्यालय पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं सहित समर्थकों की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने नारों और झंडों के साथ उम्मीदवार के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि अरूप राय वर्ष 2011 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और पार्टी ने उन्हें चौथी बार उम्मीदवार बनाया है। पिछले तीन चुनावों में उन्होंने इस सीट पर मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए जीत दर्ज की है।
इस बार मुकाबले को त्रिकोणीय माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने बिप्लब मंडल को मैदान में उतारा है, जबकि वाममोर्चा की ओर से इम्तियाज अहमद चुनावी मैदान में हैं।
पिछले चुनाव में भी भाजपा से कड़ी टक्कर की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन अरूप राय ने भारी मतों से जीत हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी थी। इस बार भी उनकी उम्मीदवारी को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *