हावड़ा. इस बार उत्तर हावड़ा में गुंडागर्दी नहीं चलेगी. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में जिस तरह तृणमूल कांग्रेस ने लोगों को डरा कर और धमका कर चुनाव जीता था, वैसा इस बार संभव नहीं होगा. भाजपा उत्तर हावड़ा में निश्चित रूप से जीत दर्ज करेगी. निर्वाचन आयोग के सख्त रवैये को देखते हुए मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि इस बार हर वोटर को मतदान करने का पूरा मौका मिलेगा. ये बातें दिल्ली विधानसभा की संगमविहार सीट के विधायक और उत्तर हावड़ा के प्रभारी चंदन चौधरी ने कहीं.
चंदन चौधरी ने कहा कि उत्तर हावड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2.24 लाख मतदाता हैं. विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर के दौरान लगभग 60 से 61 हजार नाम वोटर सूची से हटाये गये हैं. उनका दावा है कि इनमें से लगभग 47 से 48 हजार वोट हिंदू मतदाताओं के थे, जबकि बाकी में रोहिंग्या मुसलमानों और मृत मतदाताओं के नाम शामिल थे.
भाजपा नेता का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस इन्हीं वोटरों के जरिये अवैध रूप से मतदान करवाकर चुनाव जीतती रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की सख्ती के बाद एक-एक मतदाता की जांच कर नयी मतदाता सूची तैयार की जा रही है, जिससे अब फर्जी वोटिंग का फायदा तृणमूल को नहीं मिल सकेगा.
चंदन चौधरी ने कहा कि जिन हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से हटाये गये हैं, उनमें से कई लोग वर्षों पहले बंगाल से पलायन कर चुके हैं या उन्होंने अपना नाम किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करवा लिया है. चुनाव आयोग ने ऐसे नामों की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से हटा दिया है.
उन्होंने उत्तर हावड़ा के मतदाताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि मतदान के दिन हर मतदाता को केंद्रीय बल की सुरक्षा मिलेगी. घर से मतदान केंद्र तक आने और वापस जाने तक पूरी सुरक्षा दी जायेगी. जो भी लोगों को मतदान से रोकने की कोशिश करेगा, उससे केंद्रीय बल सख्ती से निपटेगा.
चंदन चौधरी ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य के साथ-साथ उत्तर हावड़ा की तस्वीर भी बदलेगी. भाजपा प्रत्याशी उमेश राय के नेतृत्व में क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान किया जायेगा. उन्होंने हावड़ा शहर की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की हालत बेहद खराब है. कई जगहों पर नालियां जाम पड़ी हैं और लगता है कि वर्षों से उनकी सफाई नहीं हुई है. थोड़ी-सी बारिश होते ही सड़कों पर पानी भर जाता है. कई इलाके ऐसे हैं जो बिना बारिश के भी सालभर नाले के पानी में डूबे रहते हैं.












Leave a Reply