दिलीप घोष का तृणमूल पर हमला, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

खड़गपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने मालदा में न्यायिक अधिकारियों को घेरने की घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
घोष ने कहा, “हम शुरू से कहते आ रहे हैं कि बंगाल में कानून-व्यवस्था नहीं है। हार का डर तृणमूल कांग्रेस को स्पष्ट रूप से विचलित कर रहा है और इसी कारण वह विभिन्न जगहों पर हिंसा का सहारा ले रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर चुनाव आयोग के अधिकारियों को घेरकर काले झंडे दिखाए गए, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने आगे कहा कि बल प्रयोग, डर दिखाने और गुंडागर्दी के जरिए चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा “जब न्यायाधीशों को ही घेरा जा रहा है और उनके काम में बाधा डाली जा रही है, तो यह साफ दर्शाता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी कमजोर हो चुकी है”।
गौरतलब है कि खड़गपुर सदर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष लंबे समय से पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और अपने संगठनात्मक कौशल व जमीनी जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल में पार्टी ने राज्य में अपनी पकड़ मजबूत की और कई क्षेत्रों में विस्तार किया। घोष को कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय नेता माना जाता है, जो सीधे संवाद और स्पष्ट वक्तव्य शैली के लिए पहचाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *