नंदीग्राम में सियासी घमासान तेज: तृणमूल ने शुभेंदु अधिकारी के करीबियों पर लगाया अराजकता फैलाने का आरोप

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में सियासी तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबियों पर अराजकता और हिंसा फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को कोलकाता में पार्टी नेता शशि पांजा के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह आरोप सामने आया, जिसमें कुणाल घोष भी मौजूद रहे।
डॉ. पांजा ने कहा कि कलकत्ता हाईकोर्ट से मिले ‘रक्षाकवच’ के बाद शुभेंदु अधिकारी के समर्थक खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं और नंदीग्राम में खुलेआम मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने नंदीग्राम ब्लॉक-1 की एक घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक आम लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं। पांजा के अनुसार, चुनाव से पहले संभावित हार के डर से भाजपा हिंसा की राजनीति अपना रही है। उन्होंने पहले हुई एक हत्या की घटना का हवाला देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, कुणाल घोष ने आरोपों को और तीखा करते हुए कहा कि नंदीग्राम में संभावित हार से घबराकर भाजपा नेता और उनके सहयोगी बौखला गए हैं। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कार्यकर्ता फडिंग दास की हत्या से पहले उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।
घोष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक वीडियो भी दिखाया, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। उनके अनुसार, वीडियो में भाजपा के तमलुक संगठनात्मक जिले के उपाध्यक्ष और शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाने वाले अशोक करण एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया गया कि पीड़ित अपने घर के निर्माण को लेकर विवाद में फंसा था और अदालत से अनुमति मिलने के बावजूद काम में बाधा डाली जा रही थी।
डॉ. पांजा ने पीड़ित की पहचान विश्वनाथ माइति के रूप में की, जो नंदीग्राम थाना क्षेत्र के केयाखाली पोस्ट ऑफिस अंतर्गत वृंदावन चक के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित के पास अदालत के आदेश से जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं और वीडियो बयान में हमलावर का नाम भी स्पष्ट किया गया है।
तृणमूल कांग्रेस ने इस पूरे मामले में आरोपी अशोक करण की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *