उत्तर हावड़ा में विकास के दम पर फिर मैदान में गौतम चौधरी, गिनाईं पांच साल की उपलब्धियां

हावड़ा। उत्तर हावड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। जहां एक ओर बीजेपी ने चार्जशीट जारी कर मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी और वर्तमान विधायक गौतम चौधरी विकास कार्यों के दम पर दोबारा जनता का समर्थन मांग रहे हैं।
गौतम चौधरी ने पिछले पांच वर्षों (2021-2026) में किए गए कार्यों का ब्यौरा देते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका काम ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

पानी और जल निकासी पर फोकस
विधायक गौतम चौधरी ने बताया कि लगभग 66 हजार घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। महीनाथ पोडेल लेन में लंबे समय से चली आ रही जल समस्या को दूर करने के लिए सेमी बूस्टिंग पम्प स्टेशन की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि किंग्स रोड की जर्जर जल निकासी व्यवस्था के जीर्णोद्धार के लिए भी टेंडर जारी किया जा चुका है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

सफाई और बुनियादी सुविधाओं में सुधार का दावा
गौतम चौधरी ने दावा किया कि उत्तर हावड़ा में कूड़ा-कचरा प्रबंधन में बड़ा सुधार हुआ है और क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों को गंदगी से मुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि हर गली में पक्की गलियों (बाली) का निर्माण कराया गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

युवा और सामाजिक विकास पर जोर
विधायक ने बताया कि चामेरिया पार्क मैदान का जीर्णोद्धार कर उसे खेल, व्यायाम और मॉर्निंग वॉक के लिए विकसित किया गया है। इसके अलावा भैरव दत्ता रोड पर एक कम्युनिटी हॉल का निर्माण कर असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने अहम पहल का जिक्र करते हुए कहा कि श्री कृष्णा स्कूल, जहां पहले केवल आठवीं तक पढ़ाई होती थी, उसे माध्यमिक स्तर तक उन्नत कर “महामानव विद्या मंदिर” में स्थानांतरित किया गया है।

2026 के लिए नया संकल्प
गौतम चौधरी ने कहा कि उत्तर हावड़ा में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और 2026 में उनका प्रमुख लक्ष्य सीवेज व्यवस्था का पूरी तरह कायापलट करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र की सभी बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। अंत में उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे उन्हें एक बार फिर सेवा का अवसर दें, ताकि अधूरे कार्यों को पूरा कर उत्तर हावड़ा को एक विकसित क्षेत्र बनाया जा सके।
उत्तर हावड़ा में एक ओर जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं गौतम चौधरी अपने कार्यों के आधार पर जनता का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *