बाली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद राज्य में विरोध और असंतोष का दौर जारी है। इसी क्रम में बाली क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां उसके कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।
बुधवार को तृणमूल के बाली केंद्र स्थित वार रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री और मध्य हावड़ा से पार्टी उम्मीदवार अरूप राय तथा बाली विधानसभा सीट से उम्मीदवार कैलाश मिश्रा ने कांग्रेसी नेताओं को पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया।
इस मौके पर अरूप राय ने दावा किया कि बाली में कांग्रेस का पूरा संगठन टूटकर तृणमूल में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेता भी अब तृणमूल के साथ आ गए हैं, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैलाश मिश्रा के नेतृत्व में बाली सीट पर तृणमूल को बड़ी जीत मिलेगी।
वहीं कैलाश मिश्रा ने कहा कि बाली में तृणमूल की लहर है और मुख्यमंत्री के विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बादल भट्टाचार्य और वर्किंग प्रेसिडेंट संदीप गांगुली समेत सैकड़ों कार्यकर्ता तृणमूल का दामन थाम चुके हैं।
हालांकि, इस घटनाक्रम पर कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग गलतफहमी के कारण तृणमूल में शामिल हुए हैं। उनका दावा है कि इस घटनाक्रम का विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
बाली में कांग्रेस को झटका, सैकड़ों कार्यकर्ता तृणमूल में शामिल












Leave a Reply