“भाजपा अब डरने वाली पार्टी नहीं” बाली के भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह

बुधवार को बाली के भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह ने तृणमूल पर पुलिस के सहयोग से भाजपा के प्रचार को रोकने का आरोप लगाया. उक्त घटना के बाद बुधवार सुबह कुछ समय के लिए लिलुआ के पाठकबाड़ी मोड़ पर तनाव व्याप्त हो गया. इस दौरान भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की तीखी बहस हुई. भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की. भाजपा ने घटना की शिकायत चुनाव आयोग से की है. घटना के देखते हुए इलाके में भारी संख्या में केंद्रीय पुलिस बलों को तैनात किया गया है. केंद्रीय बलों की मौजूदगी में आखिरकार भाजपा प्रत्याशी ने प्रचार शुरू किया.
पुलिस पर पक्षपात करने और तृणमूल पर धमकाने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह ने कहा कि लिलुआ में धमकाने और चमकाने वाली राजनीति चल रही है. लेकिन अब तृणमूल को यह अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए कि भाजपा अब डरने वाली पार्टी नहीं है. वे लोग सोचते हैं कि चार गुंडे रास्ते में वे खड़ा कर देंगे तो हम लोग डर जायेंगे तो यह उनका भ्रम है. श्री सिंह ने कहा कि विधानसभा का चुनाव प्रचार जबसे शुरु हुआ है तबसे वह घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं, अपने प्रचार का पूरा ब्यौरा संबंधित थाने को देकर अनुमति प्राप्त कर ली जाती है. लिलुआ थाने से अनुमति और उन्हें सूचित किये जाने के बाद भी, बुधवार सुबह जब वे पाठकबाड़ी मोड पर पहुंचे तो वहा पहले से ही तृणमूल के लोग झंडा लेकर खड़े थे. पुलिस ने उन्हें प्रचार करने और रैली निकालने से रोका. उन्होंने उनसे कहा कि वे दूसरे रास्ते से अपना प्रचार शुरू करें. श्री सिंह ने कहा कि पुलिस उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटने का प्रयास कर रही है. यह दुर्भाग्य की बात है कि अनुमति के बाद भी उन्हें प्रचार करने से रोका जा रहा है, हालांकि इसके बाद भी उन्होंने उसी स्थान से अपना प्रचार शुरू किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *