बाली विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प : कैलाश मिश्राटीएमसी प्रत्याशी कैलाश मिश्रा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

बाली। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से बाली विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रत्याशी घोषित किए जाने पर कैलाश मिश्रा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
संवाददाताओं से बातचीत में टीएमसी प्रत्याशी कैलाश मिश्रा ने कहा कि पार्षद के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया। अब विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के रूप में उनका लक्ष्य पूरे बाली क्षेत्र का समग्र विकास करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य सरकार की सभी योजनाओं और प्रकल्पों का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “चाहे कोई किसी भी पार्टी, धर्म, जाति या संप्रदाय से जुड़ा हो, सभी के लिए समान रूप से काम करना मेरी प्राथमिकता रहेगी”।
कैलाश मिश्रा ने आगे कहा कि बाली विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में अग्रणी बनाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने क्षेत्र की जनता पर विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि मतदाता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएंगे और विकास की इस यात्रा में उनका साथ देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *