(जिला-उत्तर 24 परगना)
दिनांक 27 मई, 2023 को दक्षिण बंगाल सीमांत के अंतर्गत सीमा चौकी हाकिमपुर, 112वीं वाहिनी के जवानों ने पुख्ता खबर के आधार कार्रवाई करते हुए भारत–बांग्लादेश सीमा पर 12 सोने के बिस्कुटों के साथ एक तस्कर को पकड़ा। जब्त सोने का वजन 1.397 किलोग्राम है जिसकी अनुमानित कीमत 86,04,659 रुपये है। तस्कर ये सोना बांग्लादेश से भारत में लाने का प्रयास कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि हाकिमपुर चेक पोस्ट के जवानों ने पुख्ता खबर के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को तलाशी के लिए रोका जोकि गांव हाकिमपुर से स्वरूप्धा की तरफ जा रहा था। शुरुआती पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपने पास कुछ भी होने से इनकार कर दिया। तत्पश्चात जवानों ने हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से उसकी तलाशी ली तो मशीन में बीप की आवाज आई। तस्कर ने जवानों के सामने कबूल कर लिया की उसने अपनी मलाशय (Rectum) में 12 सोने के बिस्कुट छिपा रखे हैं। इसके बाद जवान, तस्कर को आगे की पूछताछ के लिए सीमा चौकी लेकर आए। पकड़े गए तस्कर की पहचान मैनूर खान (उम्र 56 वर्ष, गांव हाकिमपुर, मजरपारा, जिला उत्तर 24 के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान, मैनूर खान ने खुलासा किया कि 26 मई को लगभग 1900 बजे, सहजुल, निवासी जिला सतखिरा, बांग्लादेश, सोनई नदी को पार करके उसके घर पर आया और उसको 06 पैकेटों में 12 सोने के बिस्कुट दिए। इसके बाद ये सोने के बिस्कुट बशीरहाट, जिला उत्तर 24 परगना के राजीब को सौंपने थे। इस काम के लिए उसे 1300 रूपये मिलने थे। लेकिन हाकिमपुर चेकपोस्ट को पार करते समय बीएसएफ जवानों ने उसे पकड़ लिया।
दरअसल, तस्कर सीमा पर गांव के भोलेभाले लोगों को चंद रुपयों का लालच देकर तस्करी जैसे अपराधों में शामिल कर लेते हैं। 25 मई को भी बीएसएफ जवानों ने सोने की एक बड़ी खेप जब्त की थी। जिसमें जवानों ने आईसीपी पेट्रापोल पर लगभग 3 करोड़ रूपये के 36 सोने के बिस्कुटों समेत तस्कर को भी पकड़ा था।
पकड़े गए तस्कर को जब्त सामान समेत कस्टम कार्यालय टेंटुलिया को सुपुर्द कर दिया गया है।
सीमा सुरक्षा बल, सीमा पर रहने वाले लोगों से आह्वान करती है की उनके संज्ञान में सोने की तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना मिलती है तो वे बीएसएफ के सीमा साथी हेल्प लाइन न. 14419 पर इसकी सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा दक्षिण बंगाल सीमांत ने एक अन्य न. 9903472227 भी जारी किया जिस पर सोने की तस्करी से संबंधित व्हाप्ट्स संदेश या वाइस संदेश भी भेज सकते हैं। पुख्ता सूचना देने वाले को उचित इनाम राशि दी जाएगी और उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी












Leave a Reply