बीएसएफ ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर 3 लाख रूपये की फेंसेडिल की बड़ी खेप की जब्त

(जिला–मुर्शिदाबाद)
दक्षिण बंगाल सीमांत के अंतर्गत 141वीं वाहिनी के जवानों ने तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर भारत-बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में अपने जिम्मेवारी के इलाके से 1440 बोतल फेंसेडिल जब्त की। जब्त की गई फेंसेडिल बोतलों की अनुमानित कीमत 2,95,646/- रूपये है। तस्कर फेंसेडील की इस बड़ी खेप को भारत से बांग्लादेश ले जाने के फिराक में थे।

दिनांक 27 अप्रैल, 2023 को लगभग 0330 बजे बीएसएफ की सीमा चौकी दयारमपुर, 141 वीं वाहिनी के जवानों को अपनी जिम्मेवारी के इलाके में कुछ संदिग्ध गतिविधि का अंदेशा हुआ। जवानों ने देखा कि कुछ तस्कर हाथों में बैग लिए अंतर्राष्ट्रीय सीमा की तरफ बढ़ रहे हैं। जवानों ने उन्हें चेतावनी दी, लेकिन जवानों की चेतावनी को नजरंदाज कर तस्कर अंतर्राष्ट्रीय सीमा की तरफ अपने काम को अंजाम देने के लिए बढ़ रहे थे। यह देख जवानों ने एक स्टन ग्रेनेड फायर किया लेकिन तस्कर इतने में नहीं रुके और उग्र रूप धारण कर धारदार हथियारों के साथ जवानों की तरफ बढ़ने लगे। अपनी जान को खतरे में देख, जवान ने अपनी राइफल से 03 चक्र हवा में फायर किये। इतने में ही तस्करों के पसीने छूट गए तथा तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। तत्पश्चात मौके से जवानों ने एक बैग से 1440 फेंसेडिल की बोतलें बरामद की।

जब्त फेंसेडिल की बोतलों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिये पुलिस थाना जालंगी को सौंप दिया गया है।

बीएसएफ, दक्षिण बंगाल सीमांत के प्रवक्ता ने जवानों की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनकी काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केवल ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों द्वारा प्रदर्शित सतर्कता का परिचय है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी परस्थिति में तस्करी के रास्ते को न अपनाये। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि उनके जवान सीमा पर किसी भी हाल में तस्करी या अन्य किसी प्रकार का अपराध नहीं होने देंगे और उसमें संलिप्त व्यक्तियों को नहीं छोड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *